दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स की लीग दौर में मुंबई इंडियंस से दो बार पराजित हुई थी। इस सीजन में दोनों टीमों के बीच तीसरी भिड़ंत शुक्रवार को क्वालीफायर-2 में होने जा रही है। इसमें अगर केकेआर हार गई तो इस सत्र में उसका सफर खत्म हो जाएगा और अगर जीत गई तो न केवल पिछली पराजयों का हिसाब बराबर होगा बल्कि फाइनल में प्रवेश भी मिल जाएगा। वैसे आंकड़ों में मुंबई का पलड़ा भारी है जिसका केकेआर के खिलाफ 15-5 का रिकॉर्ड है।
विज्ञापन
मुंबई ने पिछले महीने वानखेड़े स्टेडियम में एक गेंद शेष रहते केकेआर को चार विकेट से पराजित किया था। जब टीम को 24 गेंदों पर 60 रन की जरूरत थी तब हार्दिक पांड्या ने 11 गेंदों पर 29 रन की आतिशी पारी खेली थी।
उसके बाद मुंबई ने ईडन गार्डन में केकेआर को उसके घरेलू मैदान में नौ रन से पराजित किया था। मुंबई की टीम क्वालीफायर-1 में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट से 20 रन से हार गई थी जिससे उसे क्वालीफायर-2 में उतरना पड़ रहा है जबकि केकेआर ने बुधवार रात्रि को वर्षा से प्रभावित मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को डकवर्थ लुइस प्रणाली से खेले गए मुकाबले में सात विकेट से मात दी थी। पिछले नौ संस्करणों में मुंबई और केकेआर दोनों ने दो बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है। जो टीम क्वालीफायर-2 में जीतेगी उसका रविवार को फाइनल में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट से मुकाबला होगा।
विज्ञापन
मुंबई की बल्लेबाजी इस सीजन में शानदार रही है। ओपनर लेंड्ल सिमंस और पार्थिव पटेल उन्हें अच्छी शुरुआत दिला रहे हैं। इसके अलावा रोहित शर्मा और किरोन पोलार्ड भी सहयोग दे रहे हैं। पांड्या बंधु हार्दिक और क्रुणाल ने भी जरूरत के साथ टीम के लिए अहम भूमिका निभाई है। मुंबई ने लीग दौर में दस जीत हासिल की थी और शीर्ष पर रही थी। गेंदबाजी में भी मुंबई के पास लसिथ मलिंगा और न्यूजीलैंड के मिचेल मैक्लेनघन हैं। इसके अलावा डेथ ओवरों के स्पेशलिस्ट जसप्रीत बुमराह के अलावा हार्दिक पांड्या हैं। उनके पास केकेआर के बल्लेबाजों क्रिस लिन, गौतम गंभीर, रॉबिन उथप्पा और मनीष पांडेय को रोकने की जिम्मेदारी होगी। शाहरुख खान के स्वामित्व वाली कोलकाता बुधवार को हैदराबाद के खिलाफ मिली जीत के बाद अपनी लय बनाए रखना चाहेगी।
486 : रन बना चुके हैं केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर
17: विकेट ले चुके हैं कोलकाता के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स
377: रन हैं चौदह मैचों में मुंबई के ओपनर पार्थिव पटेल के नाम
19: विकेेट अब तक झोली में डाल चुके हैं मुंबई के मैक्लेनघन
टीमें इस प्रकार हैं
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), लेंड्ल सिमंस, मिचेल जानसन, मिचेल मैक्लेनघन, नीतीश राणा, पार्थिव पटेल, सौरभ तिवारी, श्रेयस गोपाल, टिम साउदी, लसिथ मलिंगा, क्रुणाल पांड्या, किरोन पोलार्ड, अंबाती रायडू, एसेला गुणारत्ने, हरभजन सिंह, हार्दिक पांड्या, जगदीश सुचित, जसप्रीत बुमराह, जोस बटलर, कर्ण शर्मा और विनय कुमार।