सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली डेयर डेविल्स के बीच हैदराबाद में खेले गए मुकाबले में हैदराबाद ने दिल्ली को 15 रनों के अंतर से मात देकर घर में लगातार चौथी जीत दर्ज की। मैच के दौरान कई दिलचस्प रिकॉर्ड बने। आईए मैच से जुड़े ऐसे ही कुछ रोचक आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
18 पारियों बाद हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर आईपीएल के किसी मैच में एक अंक के स्कोर पर आउट हुए। बुधवार को दिल्ली के खिलाफ वह केवल 4 रन बना सके।
5 छक्के केन विलियमसन ने दिल्ली के खिलाफ 51 गेंद में 89 रन की अपनी पारी के दौरान जड़े। इससे पहले आईपीएल में 8 पारियों में उनके बल्ले से केवल एक छक्का निकला था।
26 डॉट बॉल दिल्ली के गेंदबाजों ने हैदराबाद के खिलाफ फेंकी। आईपीएल के दसवें सीजन में यह किसी टीम द्वारा 20 ओवर की पारी में फेंकी गई सबसे कम डॉट बॉल हैं। सनराइजर्स ने आरसीबी के खिलाफ दसवें सीजन के पहले मैच में 27 डॉट बॉल फेंकी थीं।
56 रन बनाए दिल्ली डेयरडेविल्स ने अपनी पारी के पहले 6 ओवर में। ये सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनका पावरप्ले में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले साल 2014 में दिल्ली ने हैदराबाद के खिलाफ पावरप्ले में 52 रन बनाए थे।
7.33 की औसत से रन बनाए दिल्ली ने अपनी पारी के मिडिल ( 7-15 वें) ओवरों में। यह इस सीजन में मिडिल ओवरों में किसी भी टीम का सबसे कम औसत है।
अफगानिस्तानी स्पिनर राशिद खान दिल्ली के खिलाफ एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। यह पहला मौका है कि उन्हें आईपीएल के किसी मैच में एक भी विकेट हासिल नहीं हुआ।
29 रन खर्च किए इस मैच में भुवनेश्वर कुमार ने। यह इस सीजन में अब तक खेले 6 मैचों में उनका सबसे महंगा स्पेल है। भुवनेश्वर आईपीएल-10 के सबसे किफायती तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक सीजन में प्रति ओवर 5.70 रन खर्च किए हैं।
दिल्ली के खिलाफ जीत आईपीएल-2017 में हैदराबाद की घरेलू मैदान पर लगातार चौथी जीत है। अब तक खेले 6 मैचों में उन्हें दो मे हार मिली है। ये दोनों ही मैच उन्होंने घर से बाहर खेले थे।
दिल्ली के गेंदबाज क्रिस मॉरिस ने हैदराबाद के खिलाफ 29 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। हैदराबाद ने अपनी पारी में 4 विकेट गंवाए और ये चारों विकेट मॉरिस के खाते में गए। वह ऐसा करने वाले आईपीएल इतिहास के दूसरे बॉलर बन गए हैं। आरपी सिंह ने यह कारनामा आईपीएल में पहली बार किया था। आरपी ने 2011 में एक पारी में विरोधी टीम के सभी चार विकेट हासिल किए थे।
हैदराबाद के बल्लेबाजों शिखरधवन और केन विलियमसन के बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी हुई। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 10 शतकीय साझेदारी हुई थीं। इन सभी साझेदारियों में डेविड वार्नर शामिल थे। यह पहला मौका है जब सनराइजर्स के लिए हुई किसी शतकीय साझेदारी में वह भागीदार नहीं हैं।
आईपीएल-10 में दूसरे विकेट के लिए हैदराबाद ने 50 से ज्यादा रन की तीन साझेदारी हो चुकी हैं। यह इस सीजन किसी भी टीम की ओर से दूसरे विकेट के लिए हुई सबसे अधिक 50+ साझेदारियां हैं।
डेविड वार्नर के आउट होने के बाद जब केन विलियमसन बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरे तो यह 100 वां मौका था जब विलियमसम किसी टी-20 मैच में बल्लेबाजी करने उतरे।