न्यूजीलैंड टीम के टेस्ट और वनडे सीरीज खेलने के लिए भारत के दौरे पर आने से पहले खिलाड़ियों के चोटिल होने और दौरे से हटने का सिलसिला शुरू हो गया है। चोट और अनफिट होने के कारण इस सीरीज से 2 खिलाड़ी अब तक हट चुके हैं।
दोनों ही खिलाड़ी मेहमान टीम न्यूजीलैंड के हैं। चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट में जुड़ा नया नाम है तेज गेंदबाज मिचेल मैक्कलेंघन का। मैक्कलेंघन टेस्ट सीरीज के बाद खेले जाने वाली 5 मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।
इससे पहले एडम मिलने भी दौरे से हटने को मजबूर हुए क्योंकि उनके कुहनी की चोट ठीक नहीं हो सकी थी। न्यूजीलैंड क्रिकेट के प्रवक्ता ने क्रिकेट वेबसाइट क्रिकइंफो को बताया, "मिचेल को कुल्हे की चोट जिस कारण इस साल उनका करियर प्रभावित रहा है। वह ठीक हो रहे हैं लेकिन आगामी दौरे के लिए खेलने के लायक नहीं।"
मैक्कलेंघन इस साल की शुरुआत में वेलिंगटन में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए वनडे मैच में बाईं आंख के ऊपरी हिस्से पर चोट लग गई थी। उस चोट से निजात पाने के बाद वह किवी टीम में लौटे और भारत में इस साल मार्च-अप्रैल में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के लिए खेले भी। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 4 मैचों में 21.75 की औसत से 4 विकेट झटके।