पहले वनडे में मिली करारी हार के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। पहले मुकाबले से ठीक पहले चोटिल होकर बाहर हुए इंग्लिश बल्लेबाज एलेक्स हेल्स अब पूरी वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे।
खुद इंग्लैंड क्रिकेट ने अपने ट्विटर अकाउंट पर यह जानकारी दी है। इंग्लैंड क्रिकेट ने कहा कि हेल्स के मांसपेशियों में खिंचाव है और अब वह सीरीज के बाकी बचे दो मैचों में नहीं खेल पाएंगे। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने कहा था कि हेल्स की फिटनेस को मैच दर मैच मॉनिटर किया जाएगा।
अब टीम में एलेक्स हेल्स की जगह डेविड मलान को टीम में शामिल किया है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो, हेल्स की मांसपेशियों में खिंचाव है और अब वह तीन से चार सप्ताह तक नहीं खेल पाएंगे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नॉटिंघम में 147 रन की पारी खेली थी।
बताते चले कि तीन मैच की वनडे सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है। नॉटिंघम में हुआ पहला मुकाबला 'मेन इन ब्लू' ने 8 विकेट से अपने नाम किया था अब सीरीज का दूसरा मैच शनिवार को लंदन में खेला जाएगा। मैच जीतते ही टीम इंडिया वनडे सीरीज अपने नाम कर लेगी।