भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शनिवार से शुरू होने वाले तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर आ रही है। युवा कलाई स्पिनर कुलदीप यादव चोटिल होकर बाहर हो गए हैं, उनके स्थान पर शाहबाज नदीम को टीम में शामिल किया गया है। कुलदीप को बाएं कंधे में दर्द की शिकायत थी। इसके पहले विशाखापट्टनम और पुणे टेस्ट में भी कुलदीप को अंतिम ग्यारह में जगह नहीं मिल पाई थी।
शाहबाज के स्क्वॉड में शामिल होते ही टीम इंडिया प्रोटियाज के खिलाफ तीसरे टेस्ट में तीन स्पिनर के साथ उतर सकती है। अगर शाहबाज को रांची टेस्ट में खेलने का मौका मिलता है तो वह भारत की ओर से टेस्ट डेब्यू करने वाले 296वें खिलाड़ी होंगे।
झारखंड के रहने वाले शाहबाज ने 110 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। वह लगातार इंडिया 'ए' टीम के साथ बने हुए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 'ए' सीरीज में आठ विकेट चटकाए थे। इसके पहले पिछले साल उन्हें अचानक वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज के लिए टीम में बुलाया गया था, लेकिन डेब्यू करने का मौका नहीं मिला था।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया की 15 सदस्यीय टीम:
विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), हनुमा विहारी, ऋद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, इशांत शर्मा, ऋषभ पंत, शुभमन गिल और शाहबाज नदीम।