भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार से बर्मिंघम में खेला जाएगा। इंग्लैंड के लिए बुधवार से शुरू हो रहा यह मुकाबला इस मायने में भी खास है कि यह टीम का 1000वां टेस्ट मैच होगा।
ऐसे में जो रूट की अगुवाई वाली यह टीम 1000वें टेस्ट को जीतकर जीत का जश्न बनाना चाहेगी। मगर बर्मिंघम के एजबेस्टन का यह मैदान भारतीय क्रिकेट के लिए अनलकी रहा है। दोनों देशों के बीच एजबेस्टन में आखिरी मुकाबला 2011 में खेला गया था, इस मैच में एलिस्टेयर कुक ने जबरदस्त प्रदर्शन कर इंग्लैंड को जीत दिलाई थी।
दोनों देशों के बीच यहां 6 टेस्ट मैच खेले गए हैं। जहां इंग्लैंड ने पांच मैच अपने नाम किए तो एक ड्रॉ रहा है। अब 7 साल बाद विराट कोहली इस मैदान पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड सुधारना चाहेंगे।
13 जुलाई 1967, इंग्लैंड ने 132 रन से भारत को पीटा।
4 जुलाई 1974, पारी और 78 रन से इंग्लैंड ने भारत को हराया।
12 जुलाई 1979, पारी और 83 रन से भारत ने इंग्लैंड को हराया।
3 जुलाई 1986, भारत-इंग्लैंड, ड्रॉ।
6 जून, 1996, इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 8 विकेट से रौंदा।
10 अगस्त 2011, इंग्लैंड ने पारी और 242 रन से पीटा।
दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट मैच जून 1932 में खेला गया था। इंग्लैंड और भारत के बीच अभी तक कुल 117 टेस्ट मैच हुए हैं जिसमें से इंग्लैंड 43 मैच जीतने में सफल रहा और भारत के हिस्से 25 में जीत आई है। घर में इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ 30 टेस्ट मैचों में जीत दर्ज की है तो वहीं भारत के हिस्से छह मैचों जीत आई है। 21 मैच का कोई परिणाम नहीं निकला।