कोलकाता में खेले जाने वाले ऐतिहासिक डे-नाइट टेस्ट मैच से पहले बांग्लादेश के लिए बुरी खबर आई है। 21 वर्षीय बांग्लादेशी सलामी बल्लेबाज सैफ हसन बुधवार को चोटिल होकर टीम से बाहर हो गए हैं। इंदौर में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान बतौर रिजर्व फिल्डर मैदान पर उतरे हसन अपनी अंगुली चोटिल कर बैठे थे, जिसके बाद उनकी इंजरी और घातक हो गई।
इस बल्लेबाज के ईडन गार्डन्स में होने वाले ऐतिहासिक गुलाबी गेंद के टेस्ट में अपना पदार्पण करने की उम्मीद थी क्योंकि नियमित सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम और इमरूल कायेस शुरुआती टेस्ट में अपने प्रदर्शन से प्रभावित नहीं कर सके थे। टीम इंडिया शुरुआती मैच में पारी और 130 रन की जीत के बाद दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बनाए है।
दूसरा टेस्ट शुक्रवार से शुरू होगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने विज्ञप्ति में कहा, ‘यह चोट अभी तक ठीक नहीं हुई है और चिकित्सीय दल की राय है कि पूरी तरह से उबरने के लिए उन्हें आराम दिए जाने से लाभ मिलेगा इसलिए सैफ दूसरे टेस्ट की टीम में नहीं खेलेंगे।’