टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम स्कोर पर आउट होने का अनचाहा रिकॉर्ड भले विराट कोहली की टीम के नाम चढ़ गया हो, लेकिन पितृत्व अवकाश पर घर लौट रहे भारतीय कप्तान को पूरा विश्वास है कि टीम इंडिया मेलबर्न में उनकी गैरमौजूदगी में वापसी करेगी। विराट यूं ही नहीं बोल रहे हैं टीम इंडिया ऑस्ट्रेलियाई धरती पर 1980-81 में वापसी का कारनामा दिखा चुकी है। 1980-81 में सुनील गावस्कर की कप्तानी में कपिल देव ने अपनी गेंदबाजी से पहला टेस्ट हारने के बाद टीम इंडिया को श्रृंखला में वापसी करा 1-1 की बराबरी कराई थी, जबकि 2003--04 में भारत की 1-0 की बढ़त के बाद श्रृंखला 1-1 की बराबरी पर छूटी थी।