टेस्ट सीरीज से पहले अभ्यास मैच में जहां टेस्ट कप्तान विराट कोहली फिर से फ्लॉप हो गए वहीं अजिंक्य रहाणे ने लाजवाब पारी खेलते हुए शानदार शतक ठोंक दिया।
सीरीज से पहले खेले जा रहे तीन दिवसीय अभ्यास मैच में श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने सधी शुरुआत की लेकिन उसका मध्य क्रम लड़खड़ा गया। फिर रहाणे ने शतकीय पारी खेलकर टीम को पहले ही दिन ऑलआउट होने से बचा लिया।
कोलंबो में खेले जा रहे अभ्यास मुकाबले के पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने श्रीलंका बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ 6 विकेट के नुकसान पर 314 रन बना लिए थे। स्टंप के समय शतकवीर रहाणे (109) और आर अश्विन (10) खेल रहे थे।
रहाणे के शतक से पहले लोकेश राहुल (43) और धवन (62) ने पहले विकेट के लिए 108 रनों की साझेदारी की। लेकिन अर्धशतकीय पारी खेलकर धवन आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में कुल सात चौके जड़े।
श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से पूर्व कोहली की अगुआई वाली भारतीय टीम के पास अपनी तैयारियों को परखने का यह अंतिम मौका है।