महिला टी20 चैलेंज के लिए टीमें पहुंची यूएई
- फोटो : twitter@IPL
कोरोना महामारी से प्रभावित रहने के बाद बीसीसीआई ने अब अपने घरेलू क्रिकेट सत्र की शुरुआत कर दी है। पुरुषों में सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी का सफल आयोजन करने के बाद अब भारतीय क्रिकेट बोर्ड दूसरे टूर्नामेंटों के आयोजन की तैयारी में भी लग गया है। हालांकि अभी महिलाओं की क्रिकेट शुरू नहीं हुई है लेकिन ऐसी रिपोर्ट है कि बीसीसीआई अगले महीने से एक श्रृंखला की शुरुआत कर सकती है।
क्रिकबज की खबर के मुताबिक, 'भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अगले महीने होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज की घोषणा करने के लिए पूरी तरह तैयार है।'
दोनों टीमें यहां पांच वनडे और तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेंगी। इसके लिए तारीख और स्थान को लेकर चर्चा चल रही है। यह भारतीय महिला टीम के लिए 2020 वर्ल्ड टी-20 के बाद पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा। बता दें कि भारतीय टीम ने पिछले साल फरवरी-मार्च में ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप खेला था जहां वह उप-विजेता रही थी, लेकिन इसके बाद महामारी की वजह से टीम एक भी मैच नहीं खेल पाई है।
यह देखते हुए कि श्रृंखला में अंतरराष्ट्रीय यात्रा शामिल है, श्रृंखला की अवधि एक महीने से अधिक होगी क्योंकि दक्षिण अफ्रीकी टीम को तब क्वारंटीन से गुजरना होगा और जैव-सुरक्षा कारण, बीसीसीआई भी कम स्थानों को ही तवज्जो देगी। सभी मैच एक शहर में भी खेले जा सकते हैं।
एक अधिकारी ने पुष्टि की कि इसपर काम किया जा रहा है और जल्द ही घोषणा की जाएगी। हम क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के साथ बात कर रहे हैं। तारीखों का एलान जल्दी ही किया जाएगा।