भारतीय महिला बधिर (डेफ) क्रिकेट टीम अपने पहले अंतरराष्ट्रीय दौरे के लिए श्रीलंका रवाना होगी। यह दौरा भारतीय महिला बधिर क्रिकेट के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। टीम सात से 13 जुलाई 2026 तक श्रीलंका के मोरातुवा स्थित डी सोयसा पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मेजबान टीम के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेगी।
नई जर्सी का अनावरण
सीरीज से पहले नई दिल्ली में भारतीय टीम की नई जर्सी का अनावरण किया गया। इस अवसर पर इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) के अध्यक्ष सुमित जैन, नई दिल्ली के जिलाधिकारी (आईएएस) सनी सिंह, डीडीसीए के सचिव अशोक शर्मा, डीसीसीआई के सचिव एवं बीसीसीआई दिव्यांग समिति के सदस्य रवि चौहान सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
आईडीसीए के अध्यक्ष सुमित जैन ने कहा कि यह दौरा भारतीय डेफ क्रिकेट के लिए एक नया अध्याय है। उन्होंने कहा, 'हमारी महिला खिलाड़ियों ने वर्षों तक सीमित संसाधनों के बावजूद केवल क्रिकेट के प्रति अपने जुनून के दम पर मेहनत की है। अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल रहा है। आईडीसीए हमेशा समान अवसरों में विश्वास करता है और यह दौरा इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा की कोई सीमा नहीं होती।'
डायना एडुल्जी ने बढ़ाया हौसला
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान डायना एडुल्जी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, 'यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। आप सभी ने यहां तक पहुंचकर कई बाधाओं को पार किया है। अब दुनिया को दिखाने का समय है कि भारतीय महिला क्रिकेटर क्या कर सकती हैं। आप सभी को मेरी शुभकामनाएं।'
क्या बोलीं कप्तान?
टीम की कप्तान काजल धवन ने कहा कि पहला अंतरराष्ट्रीय दौरा उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा, 'यह सिर्फ क्रिकेट खेलने का अवसर नहीं, बल्कि यह साबित करने का मौका है कि सुनने में कठिनाई हमारे जुनून, कौशल और देश के लिए खेलने के जज्बे में कोई बाधा नहीं बन सकती। हमारी पूरी टीम ने कड़ी मेहनत की है और हम देश की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।'
सात से 13 जुलाई तक होगी पांच मैचों की टी20 सीरीज
भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम श्रीलंका के मोरातुवा स्थित डी सोयसा पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सात से 13 जुलाई 2026 के बीच पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। यह सीरीज भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम का पहला आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय अभियान होगी।
भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम
- कप्तान (विकेटकीपर): काजल धवन
- उपकप्तान: नीदा जबी शेख
- अन्य खिलाड़ी: प्रतिमा मिश्रा (विकेटकीपर), आकांक्षा कनासिया, रेड्डी ज्योष्णा, दीप्ति रानी साहू, श्रद्धा वैष्णव, संगीता, सुकन्या के.एस., रूबी यादव, चांदनी खान, प्रियांशी दीक्षित, डी. कंथम्मा, प्रियंका सैनी और अंजलि।