विजयवाड़ा में भारतीय महिला टीम और वेस्टइंडीज महिला टीम के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम ने कैरेबियाई महिलाओं की 6 विकेट से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। ये मैच आईसीसी वुमेंस चैंपियनशिप के मैचों के तौर पर खेले जा रहे हैं, हालांकि ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने पहले ही इस पर कब्ज़ा कर किया है।
भारत की तरफ से जहाँ राजेश्वरी गायकवाड़ और एकता बिष्ट ने बेहतरीन गेंदबाजी की, वहीं बल्लेबाजी में कप्तान मिताली राज और वेदा कृष्णमूर्ति ने बढ़िया साझेदारी निभाई। टॉस जीतकर वेस्टइंडीज की कप्तान स्टेफनी टेलर ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। लेकिन वेस्टइंडीज को जल्द ही पहला झटका मिला। इसके बाद एकता बिष्ट और राजेश्वरी गायकवाड़ ने विकेट लेने का सिलसिला शुरू किया। मेरिसा अगुईलेरा के 42 रनों की बदौलत वेस्टइंडीज किसी तरह 131 के स्कोर पर पहुंची। वेस्टइंडीज टीम की 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकीं।