भारतीय महिला क्रिकेट टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसकी धरती पर पहली बार दोहरी सीरीज जीतने का करिश्मा करने की दहलीज पर है। वन-डे सीरीज पहले ही 2-1 से जीत चुकी कप्तान हरमनप्रीत कौर की टीम रविवार को तीसरे टी-20 में उतरेगी तो उसके पास टी-20 सीरीज जीत का भी मौका होगा।
दो टी-20 मैचों में जीतकर मेहमान टीम पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे चल रही है। एक और जीत से टीम को 3-0 की निर्णायक बढ़त मिल जाएगी। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम को ऑस्ट्रेलिया के बाद दक्षिण अफ्रीका को भी टी-20 में उनकी सरजमीं पर सीरीज में हराने की उपलब्धि हासिल हो जाएगी।
रविवार को इसी मैदान पर पहले भारतीय महिला टीम खेलेगी और फिर विराट एंड कंपनी अपने टी-20 अभियान की शुरुआत करेगी। भारतीय महिला टीम में निगाहें स्मृति मंधाना और मिताली राज पर रहेंगी। अभी तक दोनों मैचों में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
पहला मैच सात विकेट और दूसरा नौ विकेट से जीता था। अनुभवी मिताली ने क्रमश: 54* और 76* रन की पारियां खेली हैं। दोनों ही बार वह प्लेयर ऑफ द मैच रहीं हैं। दूसरे मैच में बाएं हाथ की बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने वन-डे सीरीज में दमदार प्रदर्शन के बाद दूसरे टी-20 में 57 रन की पारी खेली जिसमें तीन छक्के शामिल थे। तेज गेंदबाज झूलन की अनुपस्थिति में शिखा पांडेय की अगुवाई में लेग स्पिनर पूनम यादव, अनुजा पाटिल और दीप्ति शर्मा भी अच्छा खेल दिखा रही हैं।