भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी तीन मैचों की सीरीज को टीम के लिए एक कड़ी परीक्षा करार देते हुए कहा कि वे 30 सितंबर से गुवाहाटी में शुरू होने वाले महिला विश्व कप की तैयारी कर रही हैं। भारत विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगा, जिसकी शुरुआत 14 सितंबर से होगी। इसके बाद अगले मैच 17 और 20 सितंबर को खेले जाएंगे।
मजमूदार बोले- सीरीज का बेसब्री से इंतजार है
मजूमदार ने कहा, मुझे लगता है कि यह विश्व कप के लिए एक बेहतरीन तैयारी है। यह हमारे लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण सीरीज है और हम इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, दुनिया की शीर्ष टीमों में से एक के खिलाफ खेल रहे हैं। इंग्लैंड का हमारा दौरा शानदार रहा, हमें सकारात्मक परिणाम मिले जो हम चाहते थे और हम इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इंग्लैंड में हमें अच्छे परिणाम मिले, वनडे में 2-1 से जीत और हमने टी20 सीरीज जीती। यह एक शानदार टीम प्रयास था। स्मृति मंधाना ने ट्रेंट ब्रिज में और हरमनप्रीत कौर ने डरहम में शतक बनाया।
'सफलता के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे'
कोच ने कहा कि विश्व कप में सफलता के लिए टीम को सामूहिक प्रयास करना होगा। मजूमदार ने कहा, 'सभी ने योगदान दिया और यही उस सीरीज की सबसे अच्छी बात थी। राधा यादव ने अहम भूमिका निभाई, क्रांति गौड़ ने भी योगदान दिया। सभी जरूरी चीजें सही रही। हमें सफलता के लिए सामूहिक रूप से बहुत प्रयास करने होंगे।' उन्होंने कहा कि भारत विश्व कप की तैयारी के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में मिलने वाले मौकों का पूरा फायदा उठाएगा। मजूमदार ने कहा, तैयारी तो वही है, लेकिन हां, ऑस्ट्रेलिया पिछले कई वर्षों से प्रभावशाली टीम रही है, लेकिन हम अपनी तैयारी और उसे कैसे अंजाम देंगे, इस पर ध्यान केंद्रित करते हैं।