भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान हरमनप्रीत कौर हाल ही में मैसूर फैशन वीक 2017 में रैंप पर उतरीं। उन्होंने इस शो में डिजाइनर अर्चना कोचर के लिए रैंप पर वॉक किया। इस शो के लिए हरमनप्रीत ने अर्चना द्वारा डिजाइन किया गया नीले रंग का लहंगा पहना हुआ था।
28 साल की हरमनप्रीत पहली बार रैंप पर चलती हुई काफी घबराई हुई नजर आ रही थीं। जैसे ही हरमनप्रीत की स्टेज पर एंट्री हुई दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया। हरमनप्रीत ने इस मौके पर कहा, 'मैं पहली बार रैंप पर उतर रही थी और इसलिए, काफी घबराई हुई थी। कुछ नया और अलग करने के लिए ही मैंने सोचा कि रैंप पर क्यों न उतरा जाए।'
मालूम हो कि हरमनप्रीत कौर इंग्लैंड में विश्व कप के दौरान उस समय सुर्खियों में आ गई थी जब उन्होंने विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 171 रनों की नाबाद धमाकदेार पारी खेली थी। सेमीफाइनल में उनकी पारी की मदद से भारत ने जीत दर्ज की थी और फाइनल में प्रवेश किया था, जिसमें उसे मेजबान इंग्लैंड के हाथों शिकस्त मिली थी। बता दें कि फिलहाल हरमनप्रीत पंजाब पुलिस में डीसीपी के पद पर नियुक्त हैं। हरमनप्रीत को यह पद विश्वकप में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद सम्मान के तौर पर दिया गया है।