आईसीसी ने टी-20 इंटरनेशनल महिला बल्लेबाजों की रैंकिंग जारी कर दी। आईसीसी द्वारा जारी की गई एमआरएफ टायर्स अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 खिलाड़ियों की बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत की शेफाली वर्मा ने बाजी मारी है। मौजूदा समय में शेफाली अब दुनिया की नंबर 1 महिला टी-20 बल्लेबाज हैं। शेफाली ने ये उपलब्धि भारत और और दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम के बीच लखनऊ में खेले गए दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान हासिल की। शेफाली ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की धाकड़ महिला बल्लेबाज बेथ मूनी को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया।
17 वर्षीया भारत की धुरंधर बल्लेबाज शेफाली ने बीते एक साल में दोबारा टी-20 इंटरनेशनल महिला बल्लेबाजों में शीर्ष रैंक हासिल की है। इससे पहले शेफाली ने बीते साल ऑस्ट्रेलिया में खेले गए टी-20 महिला विश्व कप के दौरान आईसीसी की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया था। उस टी-20 महिला विश्व कप में शेफाली ने 5 मैचों में 163 रन बनाए थे।
आईसीसी रैंकिंग में वनडे की बात करें तो कोई भी भारतीय महिला खिलाड़ी टॉप 5 में शामिल नहीं है। वनडे रैंकिंग में भारत की स्मृति मंधाना और मिताली राज क्रमश: सातवें और आठवें नंबर पर हैं।
इंग्लैंड की टैमी ब्यूमोंट एमआरएफ टायर्स महिलाओं की वनडे रैंकिग में पहले स्थान पर हैं। साउथ अफ्रीका की लिजले ली दूसरे,ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग तीसरे वेस्टइंडीज की स्टफनी टेलर चौथे और ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली पांचवें नंबर पर काबिज हैं।