ईशान नॉटिंघमशायर की टीम में दक्षिण अफ्रीका के काइल वेरेने की जगह लेंगे। ईशान यॉर्कशायर और समरसेट के खिलाफ होने वाले मैच के लिए टीम में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन अब काउंटी क्रिकेट में खेलते नजर आएंगे। ईशान ने काउंटी टीम नॉटिंघमशायर के साथ करार पर हस्ताक्षर किए हैं। हालांकि, यह करार सिर्फ दो मैच के लिए है। क्लब ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है। 24 वर्षीय ईशान नॉटिंघमशायर की टीम में दक्षिण अफ्रीका के काइल वेरेने की जगह लेंगे।
विज्ञापन
ईशान यॉर्कशायर और समरसेट के खिलाफ होने वाले मैच के लिए टीम में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। दक्षिण अफ्रीका की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल जीतने वाली टीम के सदस्य वेरेने जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल होंगे। नाटिंघमशायर की वेबसाइट पर ईशान के हवाले से कहा गया, मैं इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलने का पहला मौका पाकर बहुत उत्साहित हूं और यह मेरे कौशल को दिखाने का एक शानदार मौका होगा। मैं यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि मैं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनू और इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलने से मुझे नया कौशल सीखने में मदद मिलेगी। ट्रेंट ब्रिज मशहूर मैदान है। मैं उत्साहित हूं कि मैं इस पर खेलूंगा।