भारत और पाकिस्तान की टीमें रविवार को होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले के लिए तैयार हैं। इस महामुकाबले से पहले भारतीय उपकप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और तैयारियों तथा मैच को लेकर अपनी राय रखी। गिल ने बताया कि दुबई में ओस नहीं होने से बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम पर अधिक दबाव होगा और 300 से अधिक का स्कोर काफी अच्छा रहेगा।
भारत का आईसीसी टूर्नामेंटों में पाकिस्तान पर हमेशा दबदबा रहा है और दोनों के बीच मुकाबलों को लेकर काफी हाइप रहती है। गिल ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, हम सकारात्मक और आक्रामक क्रिकेट खेलेंगे। 300 से 305 का स्कोर इस विकेट पर अच्छा रहेगा। बीच के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी करने वाली टीम के जीतने की संभावना अधिक होगी। टॉस से उतना फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि ओस नहीं है। बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम पर दबाव रहेगा।
भारत-पाकिस्तान मैच की हाइप पर क्या बोले उपकप्तान?
गिल से पूछा गया कि क्या भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को लेकर अत्याधिक हाइप रहती है। इस पर उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता कि इसे लेकर अत्याधिक हाइप रहती है या नहीं। दोनों टीमों के बीच प्रतिद्वंद्विता का लंबा इतिहास रहा है और करोड़ा लोग हैं जो इस मैच को देखना पसंद करते हैं। इसलिए यह कहने वाला मैं कोई नहीं हूं कि इसे लेकर ओवरहाइप रहती है या नहीं। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला बड़ा है, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल उससे भी बड़ा है। हमने अच्छी क्रिकेट खेली है, लेकिन हम पाकिस्तान को हल्के में नहीं ले सकते।
'रोहित के साथ बल्लेबाजी का आनंद लेता हूं'
गिल ने कहा कि कप्तान रोहित शर्मा के आक्रामक शुरुआत करने से उन पर प्रभाव नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा, इससे मुझ पर प्रभाव नहीं पड़ता है। रोहित भाई का अपना तरीका है। इससे मुझे खुद में सुधार करने का मौका मिलता है। उनके साथ बल्लेबाजी करना शानदार है और मैं रोहित के साथ बल्लेबाजी करने का आनंद लेता हूं। अगर रोहित आक्रामक शुरुआत करते हैं तो इससे मुझे मैच में ढलने का मौका मिलता है।
गिल बोले - बुमराह का नहीं होना झटका
भारत इस टूर्नामेंट में स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना उतरा है जो चोट के कारण इसका हिस्सा नहीं हैं। गिल ने कहा कि बुमराह की अनुपस्थिति टीम के लिए झटका है। गिल ने बुमराह को लेकर कहा, जाहिर है कि उनका ना होना हमें प्रभावित कर रहा है। बुमराह भारत के लिए लंबे समय से खेल रहे हैं और बुमराह का नहीं होना हमारे लिए झटका है। इस कारण एक टीम के रूप में हम काफी निराश हैं। लेकिन हमें अपने सर्वश्रेष्ठ विकल्पों का चयन करना है और हर्षित राणा ने अच्छी गेंदबाजी की है।