एशिया कप में टीम इंडिया को सुपर चार के मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद भारत के लिए फाइनल की राह मुश्किल हो गई है। इस मैच में भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी की, लेकिन उन्होंने आसिफ अली का कैच छोड़ दिया और इसी वजह से भारत को हार का सामना करना पड़ा। यह आसान कैच छोड़ने के बाद अर्शदीप को काफी ज्यादा ट्रोल किया गया। आलोचकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर कई भद्दे कमेंट भी किए। इसके बाद कई फैन्स और दिग्गज खिलाड़ियों ने उनका समर्थन किया है।
मैच के बाद पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली भी उनके समर्थन में आए। कोहली ने कहा "गलती कोई भी कर सकता है, हालात मुश्किल थे। मैच में काफी दबाव था और गलतियां हो सकती हैं। मुझे अब भी याद है कि मैं अपनी पहली चैंपियंस ट्रॉफी खेल रहा था और मैच पाकिस्तान के खिलाफ था। मैंने शाहिद अफरीदी के खिलाफ बहुत खराब शॉट खेला था। मैं सुबह पांच बजे तक सीलिंग देख रहा था, मुझे नींद नहीं आ रही थी और मुझे लगा कि मेरा करियर खत्म हो गया है, लेकिन ये चीजें स्वाभाविक हैं। सीनियर खिलाड़ी आपके आसपास रहते हैं, अभी टीम का अच्छा माहौल है, मैं कप्तान और कोच को श्रेय देता हूं। खिलाड़ी अपनी गलतियों से सीखते हैं। इसलिए सभी को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए, उसे संबोधित करना चाहिए और एक बार फिर उस दबाव की स्थिति में आने के लिए तत्पर रहना चाहिए।"
हरभजन बोले- अर्शदीप की आलोचना बंद करें
हरभनज सिंह ने लिखा "युवा अर्शदीप सिंह की आलोचना करना बंद करें, कोई जानबूझकर कैच नहीं छोड़ता, हमें अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। पाकिस्तान ज्यादा अच्छा खेला। इस प्लेटफॉर्म पर अर्शदीप और टीम के बारे में घटिया बातें कहकर खिलाड़ियों का मनोबल कम करने वाले लोगों को शर्म आनी चाहिए। अर्शदीप खरा सोना है।"
वहीं, इरफान पठान ने लिखा कि अर्शदीप मजबूत मानसिकता वाले खिलाड़ी हैं। उन्हें इसी तरह बने रहना चाहिए। पाकिस्तान के मोहम्मद हफीज ने भी अर्शदीप सिंह के समर्थन में लिखा "सभी भारतीय फैंस से मेरा निवेदन। खेल में हम सभी गलतियां करते हैं, क्योंकि हम इंसान हैं। ऐसी गलतियों पर किसी को बेइज्जत न करें।" इसके साथ ही उन्होंने अर्शदीप सिंह का नाम लिखा।
इसके अलावा कई क्रिकेट फैंस ने भी अर्शदीप का समर्थन किया और उनकी गेंदबाजी की तारीफ की। अर्शदीप के अलावा फैंस ने रवि बिश्नोई की गेंदबाजी की भी जमकर तारीफ की।