भारतीय अंडर-19 टीम के गेंदबाज हेनिल पटेल ने बताया है कि वह दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन से काफी प्रभावित हैं। हेनिल ने विश्व कप के पहले मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अमेरिका के खिलाफ पांच विकेट झटके और भारत को छह विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। हेनिल ने बताया कि उन्हें स्टेन की आक्रामकता से प्रेरणा मिली है।
हेनिल ने अमेरिका के खिलाफ लिए थे पांच विकेट
हेनिल ने अमेरिका के खिलाफ 16 रन देकर पांच विकेट लिए जिससे पांच बार के चैंपियन भारत ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। यह पुरुषों के अंडर-19 विश्व कप में किसी भारतीय गेंदबाज का तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे बेहतर प्रदर्शन केवल कमल पासी (2012 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 23 रन देकर छह विकेट) और अनुकूल रॉय (2018 में पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ 14 रन देकर पांच विकेट) ने किया है।
हेनिल ने कहा, मुझे डेल स्टेन की आक्रामकता बहुत पसंद है। उनकी गेंदबाजी इतनी अच्छी थी कि कोई भी बल्लेबाज उनके सामने खुलकर नहीं खेल पाता था। उनका सामना करना बहुत मुश्किल था। मैं हमेशा बल्लेबाज को तीन से चार गेंदों के भीतर आउट करने के बारे में सोचता हूं। मेरा मकसद जल्दी विकेट लेना है। मैं इसी मानसिकता के साथ खेलता हूं और शांति से अपने काम को अंजाम देता हूं। मैं सकारात्मक मानसिकता के साथ अभ्यास करता हूं और मैच में भी यही प्रक्रिया अपनाता हूं।
म्हात्रे बोले- जल्द समाप्त करना चाहिए था मैच
इस बीच भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने स्वीकार किया कि उनकी टीम को अमेरिका के खिलाफ मैच में कम विकेट खोकर जीत हासिल करनी चाहिए थी। म्हात्रे ने कहा, हमने अपनी पारी को बहुत लंबा खींच दिया और चार विकेट गंवा दिए। हम बिना विकेट खोए या एक विकेट गंवाकर यह लक्ष्य हासिल कर सकते थे।