भारत दौरे पर आए ऑस्ट्रेलियन टीम के बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा का मानना है कि उनकी टीम भारतीय जमीं पर स्पिन गेंदबाजों को आसानी से खेल लेगी। गौरतलब है कि अपने पहले दो अभ्यास मैचों में स्पिनरों के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लड़खड़ाने के बाद यह माना जा रहा है कि कंगारू बल्लेबाजों को भारतीय जमीं पर स्पिनरों से कड़ी चुनौती मिलेगी।
हालांकि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को विश्वास है कि उनकी टीम 22 फरवरी से शुरू होने वाले पहले टेस्ट में स्पिन जंग जीतने में कामयाब होगी। ख्वाजा ने बताया कि हमारे खिलाड़ी स्पिनरों के खिलाफ पर्याप्त अभ्यास कर चुके हैं। हम पहली जंग के लिए तैयार हैं। हम भारत में हर चुनौती के लिए तैयार हैं। भारत में गेंद स्पिन लेती है, रिवर्स स्विंग भी होती हैं।
ऑस्ट्रेलिया को पहले अभ्यास मैच में बोर्ड अध्यक्ष एकादश के आफ स्पिनर परवेज रसूल और दूसरे अभ्यास मैच में भारत 'ए' के लेफ्ट आर्म स्पिनर राकेश ध्रुव तथा आफ स्पिनर जलज सक्सेना ने खासा परेशान किया। उस्मान ख्वाजा ने कहा कि मुझे लगता है कि आप दुनिया के किसी भी कोने में खेलें आपको हमेशा सकारात्मक रहना चाहिए। यदि आप रन बनाने के बारे में नहीं सोच रहे हैं तो आपको मैदान में नहीं होना चाहिए। ख्वाजा ने कहा कि दबाव भारतीय स्पिनरों पर भी ज्यादा होगा क्योंकि उनसे विकेट लेने और ऑस्ट्रेलिया को छोटे स्कोर पर समेटने की उम्मीद की जाएगी।