लेग स्पिनर मुरुगन अश्विन ने सोमवार को घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास की घोषणा कर दी है। आईपीएल फ्रेंचाइजी और तमिलनाडु का अलग-अलग फॉर्मेट में प्रतिनिधित्व कर चुके 35 वर्षीय मुरुगन अश्विन ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए बयान में अपनी क्रिकेट यात्रा, तमिलनाडु क्रिकेट में अपने उभार और आईपीएल में अपने अनुभवों पर बात की।
इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट
अश्विन ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, जब से मैंने छह साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया, तभी से मुझे इस खेल से गहरा प्यार रहा है। इसने मुझे बहुत कुछ दिया है। क्रिकेट ने ही मुझे वह इंसान बनाया, जो मैं आज हूं। इसने मुझे मैदान पर खुद को पूरी तरह से व्यक्त करने का मौका दिया है। अब तक का यह सफर अविश्वसनीय रहा है। इसी को मद्देनजर रखते हुए, मैं आप सभी के साथ एक अपडेट साझा करना चाहता हूं।
इसके बाद मुरुगन अश्विन ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से हटने के अपने फैसले की पुष्टि करते हुए कहा, मैं यह घोषणा करना चाहता हूं कि मैंने अपने घरेलू क्रिकेट करियर और आईपीएल में अपनी यात्रा को समाप्त करने का फैसला किया है। हालांकि, मैं नई चुनौतियों और अवसरों की तलाश करूंगा। मैं इस खेल को हमेशा की तरह पूरी प्रतिस्पर्धा के साथ खेलना जारी रखने के लिए उत्सुक हूं।
अश्विन ने छह आईपीएल टीमों का प्रतिनिधित्व किया
इस स्पिनर ने अपने आईपीएल करियर के दौरान राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व किया। मुरुगन अश्विन ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में सात मैच खेले। 34 लिस्ट ए मुकाबलों में 35 विकेट हासिल कर चुके अश्विन ने साल 2016 से 2023 के बीच 44 मुकाबलों में 33.20 की औसत के साथ 35 विकेट निकाले।
अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी को धन्यवाद देते हुए मुरुगन अश्विन ने लिखा, मैं इस अवसर का लाभ उठाते हुए उन छह टीमों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिनका मैंने अपने आईपीएल करियर के दौरान प्रतिनिधित्व किया, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, किंग्स इलेवन पंजाब (पंजाब किंग्स), मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स।