बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने गुरुवार को समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, 'हां, एक खिलाड़ी पॉजिटिव पाया गया है लेकिन वह पिछले आठ दिनों से अलग-थलग है। वह टीम के साथ किसी होटल में नहीं है, इसलिए कोई अन्य खिलाड़ी प्रभावित नहीं हुआ।' शुक्ला ने कहा, 'अब तक कोई और खिलाड़ी पॉजिटिव नहीं पाया गया है। आपको जानकारी होगी कि हमारे सचिव जय शाह ने सभी खिलाड़ियों को पत्र लिखकर नियमों का पालन करने को कहा है।'
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने इससे पहले ब्रिटेन में मौजूद भारतीय दल को हाल में ई-मेल भेजकर वहां कोविड-19 के बढ़ते मामलों के प्रति चेताया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले महीने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद खिलाड़ियों को ब्रेक दिया गया था। भारत ने यह मुकाबला गंवा दिया था।शाह ने अपने पत्र में खिलाड़ियों को भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचने को कहा था क्योंकि टीम के खिलाड़ियों को लगाए गए कोविशील्ड टीके से सिर्फ संक्रमण से बचाव हो सकता है, यह वायरस के खिलाफ पूर्ण प्रतिरोधक शक्ति नहीं देता।