वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम इंडिया ने 3-0 के अंतर से जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही वनडे रैंकिंग में भारत तीसरे स्थान पर बना हुआ है। अब तीसरे स्थान पर मौजूद भारत और चौथे स्थान पर मौजूद पाकिस्तान के बीच चार अंकों का फासला हो चुका है। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज जीतकर आईसीसी रैंकिंग में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज भी भारत ने 2-1 से जीती थी। अब भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है।
भारत पाकिस्तान से आगे
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद भारत के पास 110 रेटिंग प्वाइंट हो चुके हैं। वहीं, पाकिस्तान के पास 106 रेटिंग प्वाइंट हैं। पाकिस्तान अब नीदरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगा। टीम इंडिया अब धीरे-धीरे पहले पायदान की तरफ बढ़ रही है। हालांकि, भारत को पहला स्थान हासिल करने के लिए 128 रेटिंग प्वाइंट वाले न्यूजीलैंड और 119 रेटिंग प्वाइंट वाले इंग्लैंड को पीछे करना होगा।