वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम अब नई जर्सी में दिखेगी। शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ नई जर्सी का अनावरण किया। इसका वीडियो बीसीसीआई ने साझा किया है। इसका अनावरण भारतीय महिला टीम के ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले किया गया। दोनों टीमों के बीच पांच दिसंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।
टीम इंडिया की नई वनडे जर्सी में कुछ बदलाव हुए हैं। जर्सी के कंधों पर भारतीय ध्वज तिरंगा नजर आ रहा है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की पुरुष टीम यह जर्सी पहनेगी। बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया, बीसीसीआई के सचिव जय शाह और भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भारतीय टीम की नई वनडे जर्सी का अनावरण किया।' इस कार्यक्रम का आयोजन मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में हुआ।
भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नई जर्सी के अनावरण पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, "यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि मेरी मौजूदगी में नई जर्सी का अनावरण हुआ। मैं इसके लुक से काफी खुश हूं। स्पेशली कंधे पर जो तिरंगा बना है, उससे खुश हूं क्योंकिं वेस्टइंडीज की खिलाफ हम इस जर्सी को पहनेंगे। भारतीय टीम की जर्सी पहनना हमेशा स्पेशल होता है, इस जर्सी के पीछे बहुत सारी मेहनत है। मैं आशा करती हूं कि भारतीय फैंस इस जर्सी को अपनाएं।" मालूम हो कि, भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ 22, 24 और 27 दिसंबर को तीन वनडे मैच खेलेगी।