टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश का 3-0 से सूपड़ा साफ करने के बाद अब टीम इंडिया का सामना एशियाई प्रतिद्वंद्वि बांग्लादेश से होने जा रहा है। 11 नवंबर से शुरू होने वाली तीन टी-20 और दो टेस्ट मैच के कार्यक्रम के लिए 24 अक्टूबर को बीसीसीआई के चयनकर्ताओं की बैठक होनी है।
इस सीरीज में विराट कोहली खेलेंगे या नहीं इसका भी फैसला इसी दिन हो जाएगा। बीसीसीआई के सूत्र के मुताबिक विश्व कप के बाद से लगातार खेल के हर प्रारूप में कप्तानी का दबाव झेल रहे विराट को आराम देकर उपकप्तान रोहित शर्मा को जिम्मेदारी दी जा सकती है।
सूत्रों की माने तो मुंबई में होने वाली यह बैठक बेहद अहम है और बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के ठीक बाद होगी। इसके साथ ही हो सकता है कि नवनिर्वाचित बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली, कोहली से अलग से भी मुलाकात कर सकते हैं।'
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश के खिलाफ आगामी 3 मैच की इंटरनेशनल टी-20 सीरीज में कप्तान विराट कोहली खेलेंगे या नहीं? इसके जवाब में बीसीसीआई के चुने गए नए अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने सोमवार को कहा था, 'मैं विराट से बात करूंगा। यह उनके ऊपर है वह इस सीरीज में खेलते हैं या नहीं।' बता दें कि बांग्लादेश को भारत के खिलाफ इंदौर और कोलकाता में दो टेस्ट खेलने हैं।
बांग्लादेश क्रिकेट टीम का बायकॉट का एलान
दूसरी ओर, बांग्लादेशी क्रिकेट टीम के भारत दौरे पर संशय के बादल छा गए हैं। बांग्लादेशी क्रिकेटरों ने सोमवार को क्रिकेट का बहिष्कार करने का फैसला किया था। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती तब तक वह किसी भी क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे। खिलाड़ियों ने अपनी मांगों की लिस्ट बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को थमा दी है, जिसमें कुल 11 मांग की गई है। इसमें फ्रैंचाइजी मॉडल को फिर से लाने की मांग भी शामिल है। हालांकि, सौरभ गांगुली ने सोमवार को टीम के दौरे पर आने पर विश्वास जताया था।