भारतीय क्रिकेट टीम को एशियन गेम्स 2026 का अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला सोमवार को अफगानिस्तान के खिलाफ निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेलना है। टीम इंडिया इसके लिए नागोया पहुंच चुकी है। भारतीय टीम ने टोक्यो से नागोया तक की यात्रा बुलेट ट्रेन से की। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में भारतीय टीम के कोच वीवीएस लक्ष्मण, कप्तान श्रेयस अय्यर और टीम के सभी खिलाड़ी स्टेशन पर बुलेट ट्रेन का इंतजार करते और ट्रेन में बैठते हुए दिख रहे हैं।
बुलेट ट्रेन यात्रा का अनुभव साझा किया
भारतीय खिलाड़ियों ने टोक्यो से नागोया की बुलेट ट्रेन यात्रा को एक बेहतरीन अनुभव करार दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर, मध्यक्रम के बल्लेबाज तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने यात्रा को शानदार और रोमांचक बताया। क्रिकेटर जापानी शब्दों का हिंदी अर्थ समझने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान अभिषेक शर्मा, अक्षर पटेल, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह और रवि बिश्नोई एक-दूसरे के साथ हंसी-मजाक करते हुए नजर आए।
अर्शदीप सिंह ने इस दौरान रवि बिश्नोई से कहा, 'जापान का दौरा शानदार रहा है। बहुत अच्छी यादें बनी हैं। हमें लोगों का प्यार मिला है और हमने भी लोगों के बीच प्यार बांटा है। यहां हमें यह पता लगा कि ठहराव के साथ भी कैसे जिंदगी को जिया जा सकता है।' अर्शदीप ने इस दौरान कहा कि रवि को ठहराव पसंद नहीं है। इसलिए ही इन्हें बुलेट ट्रेन में बैठाया गया है। रवि बिश्नोई ने भी अर्शदीप द्वारा अपने ऊपर दिए गए बयान पर सहमति जताई।
बुलेट ट्रेन की तस्वीर लेते दिखे वैभव
वैभव सूर्यवंशी बुलेट ट्रेन की तस्वीर लेते दिखे। इस दौरान भारतीय क्रिकेटरों के साथ जापान में मौजूद भारतीय मूल के लोग सेल्फी लेते और ऑटोग्राफ लेते दिखे। भारतीय क्रिकेट टीम नागोया पहुंच चुकी है। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट का दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जाना है। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से खेला जाएगा।
पहुंचते ही शुरू किया अभ्यास
एशियन गेम्स में अपने पुरुष क्रिकेट अभियान की शुरुआत से ठीक पहले भारतीय टीम ने रविवार को कड़ा अभ्यास किया। अभ्यास सत्र के दौरान बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, ईशान किशन, कप्तान श्रेयस अय्यर और युवा वैभव सूर्यवंशी समेत कई प्रमुख खिलाड़ी पसीना बहाते नजर आए। महिला टीम ने क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ही देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल कर लिया है, जिसके बाद अब पुरुष टीम भी देश के इस विजयी सिलसिले को आगे बढ़ाने और एशियाई खेलों में क्रिकेट स्पर्धा का डबल पोडियम फिनिश हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, विप्रज निगम, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी।