दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज हारने के बाद कोच राहुल द्रविड़ ने कहा है कि भारतीय टीम में खिलाड़ियों की जगह सुरक्षित है, लेकिन उन्हें अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाद टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा था कि उनकी टीम में सभी खिलाड़ियों की जगह सुरक्षित है। द्रविड़ ने कहा है कि लंबे समय तक मौके दिए जाने के बाद खिलाड़ियों को कमाल की पारियां खेलनी होंगी। वो टीम को जितना स्थिर बना सकते हैं, उतना स्थिर बनाने की कोशिश करेंगे।
द्रविड़ ने किसी खिलाड़ी का नाम नहीं लिया, लेकिन मध्यक्रम में ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ियों की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें टीम में लगातार मौके दिए जा रहे हैं। हम आगे भी उन्हें मौके देना चाहते हैं, लेकिन जब आप उन्हें लगातार मौके देते हैं और टीम में उनकी जगह सुरक्षित करते हैं तो आप अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं। जब आप इस स्तर पर अपने देश के लिए खेलते हैं तो आपसे यही उम्मीद की जाती है।
श्रेयस अय्यर तीनों मैच में फ्लॉप
द्रविड़ ने आगे कहा "आप चार, पांच या छह नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे हों, आपको पता होना चाहिए कि टीम की जरूरत क्या है। श्रेयस तीनों मैचों में काफी जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए।" इस सीरीज में अय्यर ने 17, 11 और 26 रन की पारी खेली है। चौथे नंबर के लिए सूर्यकुमार यादव और राहुल भी दावेदार हैं। ऐसे में श्रेयस पर लगातार जबाव बढ़ेगा। कोच द्रविड़ ने भी इसी बात की तरफ इशारा किया।
क्या बोले थे रोहित
विराट के बाद भारत के टी-20 कप्तान बने रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज 3-0 से जीती थी। इसके बाद उन्होंने कहा था कि द्रविड़ और रोहित की टीम इंडिया में खिलाड़ियों की जगह सुरक्षित रहेगी। खिलाड़ियों को दो-चार मैच के बाद टीम से बाहर नहीं किया जाएगा। इस समय विराट कोहली पर आरोप लगे थे कि उनकी टीम में किसी खिलाड़ी की जगह पक्की नहीं रहती है और उन्होंने कुलदीप यादव जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को लगातार मौके नहीं दिए और उनका करियर खराब कर दिया।
अब कोच द्रविड़ भी कह रहे हैं कि अय्यर जैसे खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा तभी टीम में जगह बनेगी। द्रविड़ के कोच बनने के बाद भारत ने चार सीरीज खेली हैं। इनमें से दो में टीम इंडिया जीती है और दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि पहली वनडे सीरीज में हारने के बाद कोच द्रविड़ और कप्तान रोहित की बातों में अंतर आ गया है।