श्रीलंका के हाथों मिली 7 विकेट की करारी हार के बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि भारतीय टीम अजेय नहीं। उन्होंने कहा कि टीम ने बल्ले से काफी अच्छा प्रदर्शन किया और पर्याप्त स्कोर ख्ाड़ा किया और गेंदबाजों ने भी अच्छी बॉलिंग की। 322 रन का लक्ष्य वाकई मुश्किल था और यदि श्रीलंका इसे पाने में सफल हुआ है, तो वो जीत का हकदार है।
विराट ने कहा, "चैपियंस ट्रॉफी में खेलने वाली हर टीम चैंपियन है। हमने अच्छी गेंदबाजी की और उन्होंने उससे अच्छी बल्लेबाजी। आपको दूसरी टीम को श्रेय देना होगा। अपने खिलाड़ियों की आलोचना करने के बजाय यह श्रीलंकाई बल्लेबाजों की सराहना करने का अवसर है। श्रीलंका ने अच्छी मानसिकता से क्रिकेट खेला और शानदार शॉट्स लगाए।"
मौजूदा चैंपियन के सामने अब करो या मरो की स्थिति खड़ी हो गई है। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दक्षिण अफ्रीका को हराना ही होगा। इस समीकरण पर कोहली ने कहा, "हां, यह बेहद रोमांचक बन गया है। अब हर मैच क्वार्टर फाइनल है। हमारे ग्रुप में हर टीम के दो-दो अंक हैं और जो जीतेगा वो आगे जाएगा। मेरी नजर में सभी टीमों के लिये रोचक स्थिति है।"
कोहली ने कहा कि टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी गलतियों में सुधार करने और इनकी भरपाई की कोशिश करेंगी। भारतीय कप्तान ने कहा कि वो कोशिश करेंगे कि टीम अगले मैच में 20-25 रन अतिरिक्त जोड़े। भारत को अगला मैच ओवल में ही खेलना है।