रोहित का मानना है कि जब किसी खिलाड़ी को उसका रोल बखूबी पता होता है तो वह खिलाड़ी आसानी से फॉर्म में वापसी कर पाता है। इसके साथ ही उन्होंने टीम के माहौल की अहमियत भी बताई।
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने खिलाड़ियों को उनका काम स्पष्ट करने की अहमियत बताई है। उन्होंने कहा है कि जब टीम में हर खिलाड़ी को अपना काम पता होता है, तब खराब फॉर्म से जूझ रहे खिलाड़ियों के लिए वापसी करना आसान हो जाता है। रोहित ने कहा कि उन्हें लगता है कि एक कप्तान के रूप में उनकी जिम्मेदारी है वो यह समझें कि खराब फॉर्म से गुजर रहे खिलाड़ी क्या चाहते हैं।
विज्ञापन
रोहित शर्मा ने 'फॉलो द ब्लूज' कार्यक्रम में कहा "निश्चित रूप से मेरे लिए यह जरूरी है कि सभी खिलाड़ियों के साथ सामंजस्य बनाऊं और यह समझूं कि उनके लिए क्या जरूरी है। क्या उनका मजबूत पक्ष है और कहां वो कमजोर हैं। उन्हें इसके बारे में बताना और उनके साथ उनकी कमजोरी पर काम करना। टीम हर खिलाड़ी से क्या चाहती है। यह स्पष्ट होना जरूरी है। क्योंकि इसी तरीके हर खिलाड़ी वापसी कर सकता है। क्योंकि जब हम स्पष्ट करते हैं कि हर खिलाड़ी से टीम क्या उम्मीद करती है तो वह उसी दिशा में काम करने की कोशिश करता है और कई तरीके से अपने खेल पर काम करता है। इससे उसका खेल भी बेहतर होता है।"
मुंबई इंडियंस के लिए रिकॉर्ड पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले रोहित शर्मा ने इसी साल विराट कोहली की जगह तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कमान संभाली है। उन्होंने आगे कहा कि जब आपको पता होता है कि कुछ खिलाड़ी खराब दौर से गुजर रहे हैं तो हम उन्हें समझाने की कोशिश करते हैं कि क्या हो रहा है। उन्हें यह समझाते हैं कि उनसे क्या उम्मीद की जाती है। टीम में उनका क्या रोल है। ऐसी सभी चीजें उन्हें बताते हैं और मैच में किसी एक मंत्र के साथ नहीं उतरते हैं। इन्हीं चीजों को रोहित हमेशा दिमाग में रखते हैं।
टीम में शांतिपूर्ण माहौल भी जरूरी
रोहित ने इस दौरान टीम में शांतिपूर्ण और तनावमुक्त माहौल की जरूरत पर भी ध्यान दिया। उन्होंने कहा "एक कप्तान के रूप में मेरे लिए जरूरी है कि हम ऐसा माहौल बनाएं, जिसमें खिलाड़ी दबाव न महसूस करें। हम ऐसा माहौल बनाने की कोशिश करते हैं कि खिलाड़ी टीम में आएं और खेल का मजा लें और एक दूसरे के साथ का आनंद लें। क्योंकि मेरा मानना है कि दबाव को बहुत ज्यादा न बनने देना जरूरी है। जब आप खेलते हैं तो निश्चित तौर पर दबाव होगा, जब आप हाथ में गेंद पकड़ते हैं तो गेंदबाज के रूप में दबाव होता है, जब आप बल्लेबाजी करते हैं तो दबाव होता है और इसे आपको खुद ही झेलना होता है। इसको लेकर कप्तान, कोच या कोई और कुछ नहीं कर सकता।"
जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा को आराम दिया गया है और वो अब एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में मैदान पर दिखाई देंगे।