श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत को 16 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही श्रीलंका ने तीन मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। यह पहला मौका था, जब हार्दिक पांड्या की कप्तानी में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इस हार के बावजूद टीम इंडिया के पास सीरीज जीतने का मौका है, लेकिन मैच खत्म होने से पहले हाथ मिलाने की वजह से कप्तान हार्दिक मुश्किल में फंस गए हैं।
इस मैच में भारत को जीत के लिए आखिरी ओवर में 21 रन चाहिए थे। अक्षर पटेल और शिवम मावी क्रीज पर थे। आखिरी ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर सिर्फ तीन रन बने और अक्षर पटेल का विकेट भी गिर गया। इसके बाद भारत के जीतने की संभावना न के बराबर थी। ऐसे में हार्दिक पांड्या ने मैच खत्म होने से पहले ही साथी खिलाड़ियों से हाथ मिलाना शुरू कर दिया। हार्दिक के ऐसा करने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं और उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
फैंस का कहना है कि यह हार्दिक पांड्या का नया दौर है, जहां कप्तान हाथ मिलाने के लिए मैच खत्म होने तक का इंतजार नहीं कर सकते। हालांकि, हार्दिक या बीसीसीआई की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
मैच में क्या हुआ?
इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 207 रन का लक्ष्य रखा था। श्रीलंका के कप्तान दसून शनाका और कुशल मेंडिस ने बेहतरीन अर्धशतक लगाए थे। भारत के लिए उमरान मलिक ने तीन विकेट लिए थे, लेकिन वह रन रोकने में नाकामयाब रहे थे। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब थी। 57 रन पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल के अर्धशतकों ने भारत को मैच में वापस ला दिया। हालांकि, आखिरी ओवर में अक्षर पटेल आउट हो गए और भारत को 16 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज का आखिरी मैच सात नवंबर को राजकोट में है।