भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार के घर उस वक्त खुशी की लहर दौड़ गई जब उनकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। इसकी जानकारी स्टार खिलाड़ी ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल से साझा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा- 'एक नए चैप्टर की शुरुआत...सबसे छोटी सी दिल की धड़कन के साथ। हम साथ में प्यार में रहे। अब हम साथ में अपने बेटे को बाहों में लिए हुए हैं'।
2023 में हुई थी मुकेश और दिव्या की शादी
मुकेश की पत्नी का नाम दिव्या है। वह बिहार के छपरा की रहने वाली हैं। दोनों ने साल 2023 में शादी रचाई थी। मुकेश कुमार बिहार के रहने वाले हैं और उन्होंने बंगाल के लिए अंडर-19 क्रिकेट में डेब्यू किया था। लंबे समय तक रणजी खेलने के बाद मुकेश को 2022 में भारत ए की ओर से न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने का अवसर मिला। उन्होंने 36 रन पर पांच विकेट लेकर सनसनी मचा दी। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में चुना गया।
मुकेश का करियर
मुकेश के करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक भारत के लिए तीन टेस्ट, छह वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इनमें उन्होंने क्रमश: सात, पांच और 20 विकेट अपने नाम किए हैं। वह 52 फर्स्ट क्लास मैचों में 210 विकेट, 36 लिस्ट ए में 44 विकेट और 77 टी20 मुकाबलों में 83 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। आईपीएल में मुकेश दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते नजर आते हैं। 32 मुकाबलों में उन्होंने 10.39 के इकोनॉमी रेट से गेंदबाजी करते हुए 36 विकेट झटके हैं। आईपीएल 2025 में उन्होंने कुल 12 मैचों में 12 विकेट हासिल किए थे। फिलहाल 31 वर्षीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्हें भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज के लिए नहीं चुना गया है।