भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर तीसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच इस टेस्ट मैच में बारिश बार-बार खलल डाल रही है। इस दौरान प्रशंसकों को खुश होने का मौका केएल राहुल ने दिया। दरअसल, पहले दिन लंच ब्रेक के दौरान राहुल ने अपना खाना स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के साथ साझा किया जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही हैं।
विज्ञापन
राहुल और कोहली के बीच भाईचारा देखकर सोशल मीडिया पर प्रशंसक काफी खुश हुए और इन्होंने इस रवैये की भरपूर प्रशंसा की। एक प्रशंसक ने इस तस्वीर पर लिखा, 'स्कूल की यादें।' वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, 'ब्रदर फ्रॉम अनदर मदर।'
भारत ने किए दो बदलाव
इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए। रविचंद्रन अश्विन और हर्षित राणा को बाहर किया गया है। उनकी जगह रवींद्र जडेजा और आकाश दीप की टीम में वापसी हुई है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम में एक बदलाव है। स्कॉट बोलैंड की जगह जोश हेजलवुड को शामिल किया गया है।
बारिश के कारण दूसरे सत्र का खेल धुला
गाबा टेस्ट के पहले दिन बारिश के कारण बार-बार खेल बाधित हो रहा है। पहली बार 5.3 ओवर के बाद बारिश के कारण 20-25 मिनट का खेल बर्बाद हुआ था। फिर 13.2 ओवर के बाद एक बार फिर खेल को रोकना पड़ा है। गाबा में तेज बारिश हो रही है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लंच तक बिना विकेट गंवाए 28 रन बना लिए हैं। बारिश से दूसरे सत्र का खेल पूरी तरह धुल गया है। आज अभी तक सिर्फ 13.2 ओवर का खेल हो सका है। कवर्स से पिच को ढका गया है। गाबा में मैदान सुखाने की अच्छी व्यवस्था है, लेकिन उसके लिए बारिश का रुकना जरूरी है।