पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वन-डे मैच में टीम इंडिया के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद अगर यह कहा जाए कि इस समय भारतीय क्रिकेट अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है तो गलत नहीं होगा।
टेस्ट मैचों में लगातार मिल रही शिकस्त के बाद उम्मीद थी कि वर्ल्ड चैंपियन भारत वन-डे मैचों में अपना रुतबा बरकरार रखेगा, लेकिन सीमित ओवरों की क्रिकेट में भी टीम की हालत बद से बदतर होती जा रही है। इसी का नतीजा है कि पाकिस्तान ने टीम इंडिया के खिलाफ तीन वन-डे मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। पाकिस्तान ने दूसरे वन-डे मैच में भारत को 85 रन से हराकर ईडन गार्डंस पर अपनी जीत का सिलसिला भी बरकरार रखा।
पाक ने यहां भारत से चार मैच खेले और सभी जीते। भारतीय टीम की शर्मनाक हार की जिम्मेदार एक बार फिर घटिया बल्लेबाजी रही जो पिछले काफी समय से भारतीय बल्लेबाज क्रिकेट के हर फॉरमेट में टीम को गर्त में पहुंचा रही है। 251 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दुनिया का सबसे मजबूत और अनुभवी बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह 48 ओवर में 165 रन बनाने के दौरान ढह गया।
वीरेंद्र सहवाग (31), गौतम गंभीर (11), विराट कोहली (06), युवराज सिंह (09) और सुरेश रैना (18) जैसे धुरंधर, बैटिंग के लिए मददगार पिच पर घुटने टेक बैठे। शायद अब समय आ गया है जब चयनकर्ता वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, सुरेश रैना और युवराज सिंह जैसे बल्लेबाजों के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाएं। हालांकि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 54 रन की नाबाद पारी खेली लेकिन अन्य कोई बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सका।
दोपहर को टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन पाकिस्तान के ओपनरों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ मनमाफिक तरीके से रन बनाए। ओपनर नासिर जमशेद ने मोहम्मद हफीज (76) के साथ पहले विकेट के लिए 23.5 ओवर में 141 रन जोड़े। जमशेद ने भारत के खिलाफ इस सीरीज में दूसरा और लगातार तीसरा शतक जमाया। भारत के खिलाफ यह कारनामा कर उन्होंने अपने देश के जहीर अब्बास की बराबरी की।
‘मैन ऑफ द मैच’ बने जमशेद ने 124 गेंद में 12 चौके और दो छक्कों के साथ 106 रन की पारी खेली। हालांकि एक समय पाकिस्तान का स्कोर 300 से पार जाता दिख रहा था लेकिन गेंदबाजों ने वापसी करते हुए 48.3 ओवर में 250 रन पर पाक टीम को समेट दिया। रोहित शर्मा के स्थान पर टीम में शामिल किए गए रविंद्र जडेजा और इशांत शर्मा ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
मैच का फुल स्कोर कार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें