न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीतने की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी भारतीय महिला क्रिकेट टीम मंगलवार को चौथे वनडे मैच में वापसी की कोशिश करेगी। टीम गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण की कमियों को दूर करके इस दौरे में हार का क्रम तोड़ने की कोशिश करेगी।
भारत को मेजबान न्यूजीलैंड से तीसरे मैच में तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जिससे उसने पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला भी गंवा दी थी। पिछले 12 महीनों में भारतीय टीम की सीमित ओवरों की सीरीज में चौथी हार है। इससे पहले उसे दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था।
अगले महीने होने वाले विश्व कप को देखते हुए मिताली राज की अगुवाई वाली टीम को अगले दो मैचों में अपनी कमजोरियों से पार पाना होगा। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और तेज गेंदबाज मेघना सिंह की वापसी से टीम को मजबूती मिली है।
गेंदबाजी विभाग में केवल अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ही अच्छा प्रदर्शन कर सकीं। उन्होंने तीसरे वनडे में तीन विकेट निकालकर न्यूजीलैंड का शीर्ष क्रम को झकझोर दिया था लेकिन दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिलने के कारण कीवी टीम इन झटकों से उबरने में सफल रही।