सलामी बल्लेबाज जी कमालिनी के नाबाद अर्धशतक से दम पर भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को नौ विकेट से हराकर टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली है। खिताबी मुकाबले में अब भारतीय टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 113 रन बनाए। जवाब में कमालिनी ने 50 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से नाबाद 56 रनों की पारी खेली जिससे भारत ने 15 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 117 रन बनाकर मैच जीता।
कमालिनी-त्रीसा की शानदार साझेदारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए कमालिनी और गोंगाड़ी त्रीसा के बीच पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। इसे फोबे ब्रेट ने त्रीसा को आउट कर तोड़ा। त्रीसा 29 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुईं। त्रीसा ने इससे पहले सुपर सिक्स मुकाबले में शतक जड़ा था और वह महिला टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बनी थीं। इसके बाद कमालिनी ने सनिका चाल्के के साथ पारी आगे बढ़ाई और इंग्लैंड के गेंदबाजों को अन्य कोई सफलता हासिल नहीं करने दी। भारत ने इस तरह पांच ओवर शेष रहते मुकाबला जीत लिया। सनिका 12 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर नाबाद रहीं।
भारतीय गेंदबाजों का अच्छा प्रदर्शन
इससे पहले, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन डेविना पेरिन और कप्तान अबी नोरग्रोव के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज नहीं चला जिससे टीम भारत के सामने चुनौतीपूर्ण स्कोर भी खड़ा नहीं कर सकी। पेरिन ने 40 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 45 रन बनाए, जबकि नोरग्रोव ने 25 गेंदों तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। भारत के लिए वैष्णवी शर्मा और पारुनिका सिसोदिया ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि आयुषी शुक्ला को दो विकेट मिले।