ओलंपिक 2036 की मेजबानी के लिए भारत भी बोली लगाने को तैयार है। भारत में अब तक ओलंपिक खेलों का आयोजन नहीं हुआ है, लेकिन 2036 में पहली बार खेलों का महाकुंभ गुजरात में हो सकता है। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का कहना है कि गुजरात में ओलंपिक खेलों का आयोजन करने की पूरी क्षमता है। अहमदाबाद सहित गुजरात के कई शहरों में इंफ्रास्ट्रकचर तैयार है और भारत 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए बोली लगाएगा। भारत इससे पहले एक बार कॉमनवेल्थ गेम्स और दो बार एशियन गेम्स की मेजबानी कर चुका है।
अनुराग ठाकुर ने एक अंग्रेजी मीडिया संस्थान से बातचीत में कहा "अगर भारत इतने बड़े पैमाने पर जी20 बैठक की मेजबानी कर सकता है, तो मुझे यकीन है कि सरकार अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ के साथ मिलकर देश में ओलंपिक की मेजबानी करने में सक्षम होगी। हम सभी जानते हैं कि 2032 तक स्लॉट बुक हो चुके हैं। लेकिन 2036 के बाद से हमें उम्मीदें हैं और मुझे यकीन है कि भारत ओलंपिक के लिए पूरी तरह से तैयारी करेगा और बोली लगाएगा।"
2036 के खेलों के लिए बोली लगाने के लिए भारत की तैयारी के बारे में बोलते हुए, ठाकुर ने कहा “भारत इसके लिए सकारात्मक रूप से बोली लगाने के लिए तैयार है। हमारे लिए 'नहीं' कहने का कोई कारण नहीं है। अगर भारत खेलों को बढ़ावा देने के लिए इतना प्रयास कर रहा है, तो मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम केवल ओलंपिक की मेजबानी ही नहीं करेंगे, हम इसे बड़े पैमाने पर करेंगे। खेलों की मेजबानी करने का यह सही समय है। अगर भारत मैन्युफैक्चरिंग से लेकर सर्विसेज तक हर क्षेत्र में सुर्खियां बना रहा है तो खेलों में क्यों नहीं? भारत 2036 ओलंपिक के लिए बोली लगाने पर बहुत गंभीरता से विचार कर रहा है।"
उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात पहले भी ओलंपिक की मेजबानी करने का इच्छुक रहा है और इस राज्य के पास वैश्विक खेलों की मेजबानी करने के लिए बुनियादी ढांचा भी है। उन्होंने कहा “गुजरात ने कई बार ओलंपिक की मेजबानी में रुचि व्यक्त की है। उनके पास इंफ्रास्ट्रक्चर है- होटल, हॉस्टल, एयरपोर्ट और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सब हैं। वे बोली को लेकर गंभीर हैं। यह गुजरात में ओलंपिक की मेजबानी के लिए राज्य सरकार के घोषणापत्र का भी हिस्सा है।"