वेस्टइंडीज में अगले महीने से होने वाले टी-20 विश्व कप से ठीक पहले भारत को वेस्टइंडीज के साथ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी थी, लेकिन अब सीरीज रद्द होने की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड की तरफ से अभी तक सीरीज रद्द होने की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूत्रों सेम मिली जानकारी के अनुसार वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने वित्तीय संकटों का हवाला देते हुए सीरीज रद्द करन का फैसला लिया है। वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी भारतीय टीम के लिए विंडीज के हालात में खुद को ढालने के लिए ये अच्छा मौका था। गौरतलब है कि इस साल जुलाई में ही बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज के सामने उसके घरेलू मैदान पर तीन टी-20 मुकाबलों की द्विपक्षीय सीरीज कराने का प्रस्ताव रखा था।
महिला टी-20 वर्ल्ड कप वेस्टइंडीज में 9 से 24 नवंबर के बीच खेला जाएगा। इससे पहले तीन से सात नवंबर के बीच अभ्यास मैच होने हैं। भारतीय टीम पहला अभ्यास मैच वेस्ट इंडीज के खिलाफ 4 को जबकि दूसरा इंग्लैंड के खिलाफ 7 नवंबर को खेलेगी। सीरीज का प्रस्ताव आखिरी वक्त और आईसीसी महिला चैंपियनशिप के कार्यक्रम से बाहर था, इसलिए बीसीसीआई ने सितंबर के आखिरी में केवल वर्ल्ड कप टी-20 के लिए ही खिलाड़ियों के नाम की घोषणा की।
हालांकि, 2017-20 के बीच वेस्टइंडीज को भारत की मेजबानी में सीरीज खेलनी है, लेकिन इसका औपचारिक कार्यक्रम अभी तैयार किया जाना बाकी है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर, मिताली राज, वेदा कृष्णमूर्ति और एकता बिष्ट को ही वेस्टइंडीज में खेलने का अनुभव है। भारतीय टीम ने 2012 में वेस्टइंडीज का दौरा किया था।