भारतीय टीम टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के करीब है। भारत ने सुपर आठ चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बाद वापसी की और जिम्बाब्वे को हराकर उम्मीदें कायम रखी है। ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी है और अब एक स्थान के लिए वेस्टइंडीज और भारत में जंग है। रविवार को दोनों टीमों के बीच कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर मुकाबला खेला जाना है।
झटके के बाद संभली भारतीय टीम
भारतीय टीम ग्रुप चरण में अजेय रही थी और उसने अपने सभी मुकाबले जीते थे। लेकिन सुपर आठ चरण में उसके अभियान को उस वक्त तगड़ा झटका लगा जब दक्षिण अफ्रीका ने टीम को 76 रनों से करारी शिकस्त दे डाली। यह भारत के लिए काफी कठिन थी और इससे उसके लिए आगे की राह मुश्किल हो गई। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका ने अगले मैच में वेस्टइंडीज को हराया जिससे भारत ने राहत की सांस ली। फिर भारत ने भी जिम्बाब्वे पर 72 रनों से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल के लिए कदम बढ़ा दिए। अब भारत और वेस्टइंडीज के बीच एक मार्च को होने वाले मैच में जो टीम जीतेगी, वो सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगी।
टूर्नामेंट में कैसा रहा भारत का सफर?
- भारतीय टीम ग्रुप ए में शामिल थी और उसने पहले मैच में अमेरिका को 29 रनों से हराया था।
- भारत ने फिर दूसरे मैच में नामीबिया को 93 रनों से मात दी थी।
- ग्रुप चरण के तीसरे मैच में भारतीय टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई किया था।
- भारत ने ग्रुप चरण के अंतिम मैच में नीदरलैंड को 17 रन से हराया था।
- सुपर आठ के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत की लय तोड़ी और उसे टूर्नामेंट में पहली हार मिली।
- भारत ने वापसी करते हुए जिम्बाब्वे को हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदें कायम रखीं।
वेस्टइंडीज को मिली है अब तक एक हार
- भारत की तरह वेस्टइंडीज का भी ग्रुप चरण में सफर शानदार रहा और उसने अपने सभी मैच जीते।
- वेस्टइंडीज ने पहले मैच में स्कॉटलैंड को 35 रनों से हराया।
- फिर इंग्लैंड को 30 रनों से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
- वेस्टइंडीज ने नेपाल को नौ विकेट से हराकर सुपर आठ चरण में जगह पक्की की।
- ग्रुप चरण के आखिरी मैच में विंडीज ने इटली को 42 रनों से हराया।
- सुपर आठ में भी वेस्टइंडीज की शुरुआत शानदार रही थी और उसने जिम्बाब्वे को 107 रनों के बड़े अंतर से हराया था।
- वेस्टइंडीज की टीम लय बरकरार नहीं रख सकी और उसे दक्षिण अफ्रीका ने नौ विकेट से हराया।
भारत के खिलाफ कोलकाता में गंवाए हैं सभी मैच
भारतीय फैंस के लिए राहत की बात यह है कि वेस्टइंडीज का ईडेन गार्डेंस पर रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। वेस्टइंडीज ने कोलकाता में कुल सात टी20 मुकाबले खेले हैं जिसमें से तीन में उसे जीत मिली है, जबकि चार मैच टीम ने गंवाए हैं। दिलचस्प बात यह है कि वेस्टइंडीज को इस मैदान पर सभी हार भारत के खिलाफ ही मिली है।
कोलकाता में दोनों टीमों के टी20 मैच के नतीजे...
- ईडेन गार्डेंस पर भारत ने चार नवंबर 2018 को वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराया।
- दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर 16 फरवरी 2022 को टी20 मैच खेला गया जिसमें भारत ने छह विकेट से जीत दर्ज की।
- भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता में 18 फरवरी 2022 को खेले गए टी20 मैच में भारत आठ रन से जीत दर्ज करने में सफल रहा।
- भारत ने फिर 20 फरवरी 2022 को ईडेन गार्डेंस पर टी20 मैच में वेस्टइंडीज को 17 रनों से हराया।
- अब भारत और वेस्टइंडीज की टीमें चार साल बाद इस मैदान पर टी20 में आमने-सामने होंगी।