भारत और वेस्टइंडीज के बीच बुधवार को खेले जाने वाले दूसरे वनडे में रोहित शर्मा एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। मैच में पांच छक्के लगाते ही वे वनडे में 250 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। इसके साथ ही रोहित इस मैच में भारतीय जमीन पर वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं। वो इस मामले में धोनी को पीछे छोड़ सकते हैं। रोहित चोट की वजह से दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर नहीं गए थे। केएल राहुल ने वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी की थी। तब टीम इंडिया को 3-0 से सीरीज गंवानी पड़ी थी।
रोहित के पास धोनी को पीछे छोड़ने का मौका
भारत के लिए घरेलू वनडे मैचों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में रोहित अभी धोनी की बराबरी पर हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने भारत में वनडे मैच खेलते हुए 116 छक्के लगाए हैं। यदि वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में रोहित एक और छ्क्का लगाते हैं तो वह भारतीय जमीन पर वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। रोहित इस मामले में सचिन युवराज और गांगुली को पहले ही पीछे छोड़ चुके हैं। वहीं विराट इसी मामले में सौरव गांगुली को पीछे छोड़ सकते हैं। इन दोनों ने अब तक 57 छक्के लगाए हैं।
भारतीय जमीन पर वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
| बल्लेबाज |
छक्के |
पारियां |
| एम एस धोनी |
116 |
113 |
| रोहित शर्मा |
116 |
68 |
| सचिन तेंदुलकर |
71 |
160 |
| युवराज सिंह |
63 |
101 |
| सौरव गांगुली |
57 |
75 |
| विराट कोहली |
57 |
96 |
फिट होने के बाद रोहित की जबरदस्त वापसी
हालांकि, फिट होने के बाद 34 साल के रोहित ने जबरदस्त वापसी की और वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में 51 गेंदों पर 60 रन की पारी खेली। इसमें 10 चौके और एक छक्का शामिल है। भारत ने पहला वनडे छह विकेट से जीता था। अब दूसरे वनडे में रोहित के पास 250 छक्के पूरे करने का मौका है। उन्होंने अब तक 228 वनडे मैचों की 221 पारियों में 245 छक्के लगाए हैं।
अफरीदी के नाम है सबसे ज्यादा छक्के का रिकॉर्ड
वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम है। उन्होंने 398 मैचों की 369 पारियों में 351 छक्के लगाए। वहीं, दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं। उन्होंने 301 वनडे की 294 पारियों में 331 छक्के लगाए हैं। तीसरे नंबर पर श्रीलंका के सनथ जयसूर्या हैं। इस पूर्व दिग्गज ओपनर ने 445 मैचों की 433 पारियों में 270 छक्के लगाए। रोहित जयसूर्या के रिकॉर्ड से बस 25 छक्के दूर हैं।
धोनी ने वनडे करियर में 229 छक्के लगाए थे
रोहित चौथे नंबर पर हैं। वहीं, भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 350 वनडे की 297 पारियों में 229 छक्के लगाकर पांचवें नंबर पर हैं। धोनी और जयसूर्या संन्यास ले चुके हैं। वहीं, क्रिस गेल लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। वनडे में टॉप-10 सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों में रोहित और धोनी के अलावा दो और भारतीय खिलाड़ी हैं। इसमें सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली भी शामिल हैं। तेंदुलकर (नौवं नंबर पर) ने 195 छक्के और गांगुली (10वें नंबर पर) ने 190 छक्के लगाए थे।