धोनी ने अब तक विश्व कप में 34(46), 27(14), 1(2), 28(52) की पारियां खेली हैं, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी धीमी बल्लेबाजी ने टीम इंडिया की मुश्किलों को बढ़ा दिया। विश्व विजेता बनने की राह में आगे के मुकाबलों में इस तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता है।
दरअसल समस्या नंबर चार से शुरू होती है। विजय शंकर पहली बार अफगानिस्तान के खिलाफ इस क्रम पर खेले। उन्होंने भी 41 गेंद में 29 रन बनाए। उनके बाद आए धोनी की धीमी बल्लेबाजी ने टीम पर दबाव बना दिया। देखने वाली बात यह होगी विंडीज के खिलाफ टॉप आर्डर के विफल रहने पर केदार जाधव को धोनी से ऊपर लाया जाता है या नहीं।
धोनी का फॉर्म में आना टीम की सफलता के लिए बेहद जरूरी है। हाल के दिनों में स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ उन्हें तेजी से रन बनाते नहीं देखा गया है, जबकि तेज गेंदबाजों के खिलाफ वह आसानी से छोर बदलते हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ वह स्पिन ट्रैप में फंसे, लेकिन वेस्टइंडीज के पास तेज गेंदबाज हैं ऐसे में उन्हें फॉर्म में वापसी का मौका मिल सकता है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक विश्व कप में आठ मुकाबले हो चुके हैं। इनमें पांच में भारत को सफलता मिली है। खास बात यह है कि वेस्टइंडीज ने अंतिम बार विश्व कप में भारत को 1992 में हराया था। तब से भारत 1996, 2011, 2015 में वेस्टइंडीज से खेला है और सभी में जीत हासिल की है।
भारत के लिए ओल्ड ट्रेफर्ड बेहद खास है। यह वही मैदान है जिस पर 1983 के विश्व कप का भारत ने पहला मैच खेला था और इस मुकाबले में क्लाइव लॉयड की बेहद मजबूत वेस्टइंडीज को 34 रनों से पटखनी दी थी। इस जीत की पटकथा यशपाल शर्मा की 89 रनों की पारी ने लिखी थी। इसी मैदान पर भारत ने हाल ही में पाकिस्तान को भी हराया है।
विराट कोहली एक और कीर्तिमान बनाने की दहलीज पर हैं जिसमें वह सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ देंगे। विराट ने अब तक वनडे में 11 हजार 87, टेस्ट में 6 हजार छह सौ 13 और टी-20 में दो हजार दो सौ 63 रन बनाए हैं।
वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 हजार रन बनाने से 37 रन दूर हैं। अगर वह विंडीज के खिलाफ अपनी 416वीं पारी में इतने रन बना लेते हैं तो वह सबसे तेज 20 हजारी होंगे। सचिन (34,357) राहुल द्रविड (24,208) के बाद ऐसा करने वाले वह तीसरे भारतीय होंगे। सचिन-लारा ने यह कारनामा संयुक्त रूप से 453वीं पारी में किया था।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, विजय शंकर, हार्दिक पांड्या, महेंद्र सिंह धोनी, केदार जाधव, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, रविंद्र जडेजा, दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत।
वेस्टइंडीज: जेसन होल्डर (कप्तान), क्रिस गेल, शाई होप, शिमरोन हेटमायर, कार्लोस ब्रेथवेट, शेल्डन कोट्रेल, ओशाने थॉमस, केमार रोच, एश्ले नर्स, निकोलस पूरण, सुनील अंबरीश, एविन लुईस, शेनन गैब्रिएल, डेरेन ब्रावो और फाबियान एलेन।
- जाधव और शंकर के प्रदर्शन पर भी होंगी निगाहें
- 08 बार विश्व कप में दोनों टीमें आमने-सामने हुई हैं जिसमें भारत ने पांच और वेस्टंडीज ने तीन मैच जीते हैं
रैंकिंग: भारत 01 वेस्टइंडीज 09
कुल मैच : 126
भारत जीता : 59
वेस्टइंडीज जीता : 62
टाई : 02
बेनतीजा : 03