विराट सेना गुरुवार को जब वेस्ट इंडीज के खिलाफ पांचवें और अंतिम वनडे मैच में उतरेगी तो उसकी निगाह घर में लगातार में छठी सीरीज कब्जाने पर होगी। भारत ने पिछली बार घरेलू वन-डे सीरीज 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गंवाई थी और तब से स्वदेश में उसका अजेय अभियान जारी है।
भारत अभी पांच मैचों की सीरज में 2-1 से आगे है। एक मैच टाई रहा है। भारत को हालांकि सीरीज के दौरान वेस्ट इंडीज की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा है जिसमें पुणे में तीसरे वनडे में हार भी शामिल है। भारत दौरे पर यह वेस्ट इंडीज की पहली जीत थी। मैच के दौरान हालांकि बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
तीस साल बाद तिरुवनंतपुरम में वन-डे मैच
तिरुवनंतपुरम में करीब तीन दशक बाद वन-डे मैच खेला जा रहा है। पिछला वनडे भी भारत और वेस्ट इंडीज के बीच ही खेला गया था। तब वेस्ट इंडीज ने आसान जीत दर्ज की थी। जेसन होल्डर की टीम उस समय की दिग्गज टीम से प्रेरणा लेकर सीरीज बराबर करना चाहेगी।
विश्व की तैयारियों पर नजर
इंग्लैंड में अगले साल जून में होने वाले विश्व कप को देखते हुए दोनों टीमें इस सीरीज के जरिए अपना संयोजन तय करने की कोशिश में हैं। कोहली और रोहित शर्मा बेहतरीन फॉर्म में हैं और सीरीज में क्रमश : तीन और दो शतक जड़ चुके हैं। कप्तान का समर्थन हासिल करने वाले अंबाती रायडू ने भी पिछले मैच में शतकीय पारी खेली थी। बाकी बल्लेबाज हालांकि उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए हैं। अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी को भी बल्ले से खराब फॉर्म का सामना करना पड़ रहा है।
दस हजारी बन सकते हैं धोनी
ऑस्ट्रेलिया में टी-20 सीरीज के लिए घोषित टीम में जगह गंवाने वाले धोनी को बल्ले से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी, जबकि विकेट के पीछे वह शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत की ओर से 10000 रन पूरे करने से धोनी एक रन दूर हैं। उन्होंने 124 रन एशिया एकादश की ओर से बनाए हैं।
बुमराह की वापसी से गेंदबाजी आक्रमण हुआ मजबूत
बुमराह की वापसी से भारत का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत हुआ है और पिछले दोनों मैचों में उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की है। बाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज खलील अहमद ने ब्रेबोर्न स्टेडियम में शानदार गेंदबाजी की। कोहली को भुवनेश्वर कुमार से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो अब तब उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए हैं। स्पिनरों ने कैरेबियाई बल्लेबाजों को परेशान किया है। कुलदीप यादव के सामने वेस्ट इंडीज के अधिकांश बल्लेबाज जूझते रहे हैं।
शाई व हेटमायेर पर वेस्ट इंडीज की होप
दूसरी तरफ टेस्ट मैचों में करारी हार के बाद मेहमान टीम ने वनडे में उतार-चढ़ाव भरा प्रदर्शन किया है। शिमरोन हेटमायेर और शाई होप ने सबसे अधिक प्रभावित किया है। दोनों ने अब तक एक-एक शतक जड़ा है। कप्तान जेसन होल्डर ने दिखाया है कि वह भारतीय स्पिनरों का अच्छी तरह सामना कर सकते हैं लेकिन टीम के अन्य बल्लेबाज जूझते दिखे हैं।
सीरीज बराबर करना चाहेगी कैरेबियाई टीम
होल्डर को उम्मीद होगी कि उनकी टीम एकजुट प्रदर्शन के साथ अंतिम मैच जीतकर भारत को सीरीज जीतने से महरूम कर देगी। लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे ऑफ स्पिनर एश्ले नर्स को मुंबई में चोट लगी थी और उनका अंतिम मैच में खेलना संदिग्ध है। उनकी गैरमौजूदगी में वेस्ट इंडीज की संभावनाओं को झटका लग सकता है। यह मैच नए ग्रीनफील्ड स्टेडियम में दूसरा अंतरराष्ट्रीय मैच होगा और स्टेडियम के खचाखच भरा होने की उम्मीद की जा रही है लेकिन मौसम अहम भूमिका निभा सकता है।
एक नजर आंकड़े पर
-420 रन बनाए है कोहली ने सीरीज में 140 की औसत से। इसमें तीन शतक भी शामिल हैं। जबकि रोहित शर्मा ने दो शतकों की मदद से 326 रन बनाए हैं
-250 रन वेस्ट इंडीज के हेटमायेर ने एक शतक और एक अर्द्धशतक की मदद से, जबकि होप ने 250 रन बनाए हैं
-पिछले तीन साल से घर में कोई घरेलू सीरीज नहीं हारा है भारत
-2015 में दक्षिण अफ्रीका से मिली थी टीम इंडिया को घर में आखिरी हार
टीमें :
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अंबाती रायडू, ऋ षभ पंत, महेंद्र सिंह धोनी, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद, उमेश यादव, लोकेश राहुल, मनीष पांडे और केदार जाधव।
वेस्ट इंडीज : जेसन होल्डर (कप्तान), फाबियान एलेन, सुनील अंबरीश, देवेंद्र बिशू, चंद्रपाल हेमराज, शिमरोन हेटमायेर, शाई होप, अल्जारी जोसेफ, एविन लुईस, एश्ले नर्स, कीमो पॉल, रोवमैन पावेल, केमर रोच और मार्लन सैमुअल्स।