आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेलने वाले दिनेश कार्तिक और मनीष पांडे (19) ने पांचवें विकेट पर संभलकर खेलते हुए उपयोगी 38 रन जोड़े। युवा स्पिनर खारी पिएरे ने मनीष को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। उसके बाद दिनेश कार्तिक ने नवप्रवेशी क्रुणाल पांड्या (नाबाद 21) के साथ जीत सुनिश्चित की।
नौवें ओवर में आए कुलदीप यादव ने डैरेन ब्रावो (04) , रोवमैन पॉवेल (05) और मेहमान कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट (04) के विकेट लिए। टी-20 सीरीज के लिए विंडीज टीम में शामिल होने वाले किरोन पोलार्ड (14) क्रुणाल के अंतरराष्ट्रीय टी-20 प्रारूप में पहले शिकार बने। चोटिल चल रहे ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के भाई क्रुणाल इससे पहले आईपीएल में अपनी क्षमता दिखा चुके हैं।
कोलकाता में उन्होंने अपने चार ओवरों में केवल 15 रन दिए और किफायती गेंदबाजी करते हुए अपनी 16 गेंदों पर कोई रन नहीं दिया। इस मैच में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद को भी टी-20 पदार्पण का मौका मिला। फैबियन एलेन (27) उनके पहले शिकार बने जिन्हें उमेश यादव के हाथों कैच आउट कराया।
तेज गेंदबाज उमेश यादव (1/36) ने दूसरे ओवर में ओपनर दिनेश रामदीन (02) को विकेट के पीछे कैच करा दिया था। चौथे ओवर में वनडे सीरीज में विंडीज के प्रमुख बल्लेबाज शाई होप (14) रनआउट हो गए जबकि फॉर्म में चल रहे अन्य बल्लेबाज हेटमेयर (10) को बुमराह ने विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच करा दिया।
टीम इंडिया के लिए अपना पहला टी-20 मैच खेल रहे ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने पहले ही मैच में छाप छोड़ दी। चोटिल होने के चलते बाहर चल रहे ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के भाई क्रुणाल ने अपने चार ओवरों में 15 रन देकर एक विकेट लिया और उसके बाद नौ गेंदों पर नाबाद 21 रन की पारी खेली। विजयी रन भी उनके बल्ले से निकला।
क्रुणाल ने अपने चार ओवरों में 16 गेंदों पर कोई रन नहीं दिया था। उनकी किफायती गेंदबाजी देखकर कप्तान रोहित ने उनसे चार ओवर लगातार फिंकवाए। पहले ओवर में पोलार्ड ने उन पर छक्का मारा था। इस ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर ने दस रन दिए लेकिन अगले तीन ओवरों में केवल पांच रन ही खर्च किए। बाद में मुंबई इंडियंस के उनके साथी पोलार्ड ही उनका पहला शिकार बने।
टीम इंडिया के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने सीरीज के पहले मुकाबले में ओवरऑल टी-20 प्रारूप में अपने सौ विकेट भी पूरे कर लिए। विंडीज के शुरुआती पांच में से तीन विकेट कुलदीप यादव ने ही लिए थे। टी-20 में पांच विकेट लेने का करिश्मा भी कर चुके कुलदीप ने ब्रावो, पॉवेल और ब्रेथवेट को अपना शिकार बनाया। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विकेटों का शतक पूरा कर चुके हैं। शानदार फॉर्म में चल रहे कानपुर के रहने वाले इस स्पिनर ने इस साल वनडे में भी 45 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। वनडे में विकेट लेने के मामले में वह अफगानिस्तान के राशिद खान (48) के बाद दूसरे नंबर पर हैं।
भारतीय टीम ने एक दिन पहले अपनी 12 सदस्यीय टीम घोषित कर दी थी और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की जगह बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को प्रमुखता दी। इस मैच में भारतीय टीम को अंतिम क्षणों में भुवनेश्वर की जगह उमेश यादव को शामिल किया। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत मामूली तौर पर खराब थी लेकिन लखनऊ में होने वाले दूसरे टी-20 में उनके पूरी तरह फिट होने की पूरी उम्मीद है।
विंडीज की टीम ने भी इस मुकाबले में तीन नए खिलाड़ियों ओशने थामस, ऑलराउंडर खारी पिएरे और बल्लेबाजी ऑलराउंडर फैबियन एलेन को शामिल किया। विंडीज की ओर से एलेन ने ही सर्वाधिक 27 रन की पारी खेली। टीम में डैरेन ब्रावो की वापसी हुई जो 2014 के बाद पहला टी-20 और नवंबर 2016 के बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने उतरे। शाई होप पहले टी-20 टीम का हिस्सा नहीं थे लेकिन आंद्रे रसेल के चोटिल होने पर उन्हें शामिल किया गया।
टीम इंडिया: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, ऋषभ पंत, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, क्रुणाल पांड्या, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद, उमेश यादव।
वेस्टइंडीज: कार्लोस ब्रेथवेट (कप्तान), फैबियन एलेन, डेरेन ब्रावो, शिमरोन हेटमेयर, कीमो पॉल, खारी पियरे, कीरोन पोलार्ड, रोवमैन पॉवेल, दिनेश रामदीन, ओशाने थॉमस, शाई होप।