भारत और श्रीलंका के बीच शुक्रवार से खेला जाने वाला टेस्ट मैच विराट कोहली के लिए खास है। मैदान पर उतरते ही विराट 100 टेस्ट खेलने वाले 12वें भारतीय और ओवरऑल 71वें खिलाड़ी बनेंगे। इससे पहले उन्होंने इस स्पेशल मैच को लेकर बीसीसीआई टीवी से बातचीत की। कोहली ने कहा कि उन्होंने फिटनेस पर काफी काम किया और उसके बिना यह मुकाम हासिल करना बेहद मुश्किल था।
कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था डेब्यू
कोहली ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह 100 टेस्ट खेल पाएंगे। कोहली ने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। अपने पहले टेस्ट में उन्होंने चार और 15 रन की पारी खेली थी। अब 99 टेस्ट के बाद कोहली के नाम 50.39 की औसत से 7962 रन हैं।
कोहली ने 100वें टेस्ट से पहले क्या कहा?
कोहली ने कहा- मैंने कभी नहीं सोचा था कि 100 टेस्ट मैच खेल पाऊंगा। यह सफर काफी लंबा रहा। हमने इस खास मुकाम को हासिल करने के लिए काफी क्रिकेट खेली है। मैं बस आभारी हूं कि यह उपलब्धि हासिल कर पा रहा हूं। भगवान मुझ पर हमेशा से मेहरबान रहा है। अपनी फिटनेस पर मैंने काफी मेहनत किया।
बीसीसीआई ने 50 प्रतिशत दर्शकों को दी अनुमति
कोहली ने कहा- यह मेरे लिए, मेरे परिवार, मेरे कोच के लिए खास पल है। वह भी मेरे इस उपलब्धि पर काफी खुश और गर्व महसूस कर रहे हैं। कोहली के 100वें टेस्ट को देखने के लिए बीसीसीआई ने भी खास तैयारी की है। उन्हें मैदान पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही बोर्ड ने 50 प्रतिशत दर्शकों को भी मैदान आने की अनुमति दी है।
कोहली इस खास क्लब में शामिल हो जाएंगे
कोहली श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरते ही सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर, कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण, वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह और ईशांत शर्मा जैसे खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे। गावस्कर 100 टेस्ट खेलने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी थे।