कप्तान रोहित शर्मा (118) के सबसे तेज शतक और कुलदीप यादव-युजवेंद्र चहल के उम्दा प्रदर्शनों की बदौलत टीम इंडिया ने शुक्रवार को दूसरे टी20 इंटरनेशनल में श्रीलंका को 88 रन से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त हासिल की। सीरीज का तीसरा मैच रविवार को मुंबई में खेला जाएगा, जो महज औपचारिकता भर बचा है।
इंदौर के होलकर स्टेडियम पर श्रीलंका द्वारा पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित टीम इंडिया ने रोहित शर्मा (118) और केएल राहुल (89) की शानदार पारियों की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 260 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 17.2 ओवर में 172 रन पर ऑलआउट हुई।
रोहित शर्मा को टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज शतक के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करने का इनाम मैन ऑफ द मैच खिताब से नवाजकर किया गया। 'हिटमैन' ने सुपरहिट शो के दौरान 35 गेंदों में शतक जमाया और पारी में 43 गेंदों में 12 चौको व 10 छक्को की मदद से 118 रन बनाए।
इसके अलावा एम धोनी ने 21 बॉल पर 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 28 और हार्दिक पांड्या ने 10 रन का योगदान दिया। श्रेयर अय्यर थिसारा परेरा की पहली बॉल पर बड़ा शॉट मारने की फिराक में बिना खाता खोले एलबीडब्ल्यू आउट होकर पवेलियन लौटे। टीम इंडिया की ओर से मनीष पांडे 1* और दिनेश कार्तिक 5* नाबाद लौटे।
श्रीलंका की ओर से से कप्तान थिसारा परेरा और नुवान प्रदीप ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा दुश्मंथ चमीरा ने एक विकेट लिया। बता दें कि यह टीम इंडिया का टी20 में सबसे बेस्ट और टी20 क्रिकेट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर था। टी20 में सबसे ज्यादा कुल रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है। ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ 263/3 रन बनाए थे।
ये भी पढ़ेंः INDvSL: 'हिटमैन' के भूकंप से थर्राया इंदौर का ग्राउंड, टीम इंडिया ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
टीम इंडिया के 261 रन का जवाब देने उतरी श्रीलंका की पूरी टीम 17.2 ओवर में 172 रन बनाकर ढेर हो गई। श्रीलंका की ओर से कुलस परेरा 37 बॉल पर 4 चौके और 7 छक्के की मदद से 77 रन बनाए। इसके अलावा उपुल थरंगा ने 29 बॉल पर 47 रन बनाए। इन दोनों के अलावा एक भी श्रीलंकाई बल्लेबाज बड़ी इनिंग खेलने में नाकाम रहा और एक के बाद एक आउट होकर पवेलियन लौटते रहे।
कटक मैच की ही तरह इस बार भी श्रीलंकाई बल्लबाजों ने कुलदीप और चहल की फिरके सामने अपने घुटने टेक दिए। इन दोनों ने दो ही ओवर में मेहमान टीम के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। हालांकि मैच में श्रीलंका को पहला झटका जयदेव उनदकट ने दिया निरोशन डिकवेला के रूप में दिया।
टीम इंडिया की ओर से यजुवेंदर चहल ने 4 ओवर में 52 रन देकर 4 विकेट झटके साथ ही कुलदीप यादव ने भी 4 ओवर में 52 रन दिए और 3 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाने में कामयाब रहे। इसके अलावा एक विकेट हार्दिक पांड्या को मिला।
मैच में चोटिल हुए एंजेलो मैथ्यूज अंत तक बल्लेबाजी के लिए नहीं आए और इस तरह टीम इंडिया ने एक और सीरीज अपने नाम करने में कामयाब रही। सीरीज का अंतिम मैच मुंबई में रविवार को खेला जाएगा और इसके बाद 27 दिसंबर को टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के लिए रवाना हो जाएगी।