सीरीज में लगातार दूसरे मैच में फॉलोआन खेलने उतरी श्रीलंकाई टीम ने दूसरी पारी में 10.4 ओवर में एक विकेट गंवाए 15 रन बना लिए हैं। करुणारत्ने 8 और नाइट वाच मैन पुष्पकुमारा 0 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरी पारी में भारत को पहली सफलता 11वें ओवर में उमेश यादव ने दियाई। उमेश की गेंद पर थरंगा 7 रन बनाकर बोल्ड हो गए। थरंगा को समझ में ही नहीं आया कि गेंद किस दिशा में जा रही है। उन्होंने बिना फुटवर्क का इस्तेमाल किए उमेश की इन स्विंग को खेलने का प्रयास किया लेकिन गेंद सीधे स्टंप्स पर जा लगी। थरंगा 7 रन बना सके। भारत की पहली पारी 487 रन पर सिमट गयी थी।पहली पारी में भारत ने 352 रन की बढ़त हासिल की है। श्रीलंका की पहली पारी 135 रन पर सिमट गयी जिससे उसे फालोआन मिला। अब भी वह भारत से 333 रन से पिछड़ रही है। सीरीज मैं श्रीलंका के 3-0 से सूपड़ा साफ़ करने से भारतीय टीम महज 9 विकेट दूर है।
पहले टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पल्लिकल टेस्ट के दूसरे दिन श्रीलंकाई टीम को 135 रन पर ढेर कर दिया। कुलदीप और अश्विन की फिरकी के सामने श्रीलंका के बल्लेबाजों की एक नहीं चली। पहली पारी में भारत को 352 की बढ़त हासिल हो गई है। विराट ने लगातार दूसरे मैच में श्रीलंका को फॉलोआन दिया है। श्रीलंका की ओर से सबसे सफल बल्लेबाज दिनेश चांदीमल रहे। उन्होंने 48 रन की पारी खेली। उनके अलावा और कोई बल्लेबाज पित पर ज्यादा देर तक टिक नहीं सका। भारत की ओर कुलदीप यादव ने 40 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं अश्विन ने 22 रन पर दो और शमी मे 17 रन देकर 2 विकेट झटके। एक शानदार शतक जड़ने वाले हार्दिक पांड्या के नाम हुआ। श्रीलंका ने अपने अंतिम चार विकेट 10 रन पर गंवा दिए।
टीम इंडिया पल्लिकल स्टेडियम में तीसरे व अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को लंच से ठीक बाद 487 रनों पर ऑल आउट हो गई। मलिंडा पुष्पाकुमारा 8 वें विकेट के रूप में 10 रन बनाकर अाउट हुए। उन्हें कुलदीप यादव ने आउट किया।
मोहम्मद शमी ने थरंगा को विकेट के पीछे ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच कराकर लंका को पहला झटका दिया। थरंगा ने 5 रन बनाए। इसके बाद करूनारत्ने को भी शमी ने साहा के हाथों विकेट के पीछे कैच कराया। युवा बल्लेबाज कुसल मेंडिस (18) ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन वो अश्विन और कुलदीप यादव के संयुक्त प्रयास के बीच रनआउट हो गए। अगले ही ओवर में एंजेलो मैथ्यूज को हार्दिक पांड्या ने LBW आउट कर दिया। मैथ्यूज खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद चंडीमल और डिकवेला के बीच कुछ अच्छे रन बने। टीम का स्कोर 100 रन पहुंचा ही था कि डिकवेला लंबा शॉट मारने के चक्कर में कुलदीप यादव की गेंद पर स्टंप आउट हुए। दिलरूआन परेरा को भी कुलदीप यादव ने आउट किया। चंडीमल को अश्विन ने केएल राहुल के हाथों कैच कराया। चंडीमल ने 48 रन बनाए।
इससे पहले हार्दिक पांड्या ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया। उनकी तूफानी बल्लेबाजी की वजह से टीम इंडिया ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। हार्दिक पांड्या 108 रन बनाकर अंतिम विकेट के रूप में आउट हुए। उमेश यादव 3 रन पर नाबाद रहे। मोहम्मद शमी 8 रन बनाकर नौवें विकेट के रूप में आउट हुए। हार्दिक पांड्या ने पुष्पाकुमारा के एक ओवर में तीन छक्के और दो चौके जड़ते हुए 26 रन कूट दिए। पांड्या ने 96 रनों की अपनी पारी में 7 छक्के और 8 चौके लगाए। पांड्या ने 86 गेंद में शतक लगाया। जो 8 वें नंबर पर भारत की तरफ से टेस्ट में सबसे तेज शतक हैं। पांड्या और उमेश यादव के बीच अंतिम विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी हुई।
दूसरे दिन ऋद्धिमान साहा के जल्द आउट हो जाने के बाद हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव ने आठवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम इंडिया का स्कोर 400 के पार पहुंचाया। साहा के आउट होने के बाद कुलदीप यादव 26 रन बनाकर संदाकन का शिकार बने। उन्हें विकेटकीपर डिकवेला ने लपका। मोहम्मद शमी भी संदाकन का शिकार बने। श्रीलंका की ओर से संदाकन ने 5 विकेट झटके। पुष्पाकुमारा ने 3 तथा फर्नांडो ने दो विकेट लिए।
दूसरे दिन टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। विश्वा फर्नांडो ने ऋद्धिमान साहा (16) को गली में दिलरुवान परेरा के हाथों कैच कराया। इसके बाद हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव ने बढ़िया खेल दिखाया। हालांकि कुलदीप यादव 26 रन बनाकर आठवें विकेट के रूप में आउट हो गए। शमी भी 8 रन बनाकर जल्द चलते बने। इसके बाद पांड्या ने उमेश यादव के साथ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक लगाया और टीम इंडिया का स्कोर 450 के पार पहुंचाया। पांड्या ने इस बीच अपना पहला अंतरराष्ट्रीय श्ातक लगाया।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने पहले दिन स्टंप्स तक 6 विकेट पर 329 रन बनाए थे। टीम इंडिया को शिखर धवन (119) और केएल राहुल (85) ने 187 रन की साझेदारी करके शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने बेहतरीन रनरेट से रन बनाते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों को पहले सत्र में पस्त करके रखा। हालांकि, दूसरे सत्र में मलिंडा पुष्पकुमारा ने श्रीलंका की वापसी कराई। उन्होंने पहले राहुल को करुनारत्ने के हाथों झिलवाया। फिर धवन को स्क्वायर लेग पर कप्तान चंडीमल के हाथों की शोभा बनाया। चंडीमल ने काफी अच्छा कैच लपका।
मेजबान टीम ने दूसरे और तीसरे सेशन में तीन-तीन विकेट झटककर टीम इंडिया को बैकफुट पर रोक दिया। संदाकन ने फिर चेतेश्वर पुजारा (8) को स्लिप में मैथ्यूज के हाथों कैच कराकर मेहमान टीम को करारा झटका दिया। इसके बाद कोहली और रहाणे ने चौथे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की। पुष्पकुमारा ने फिर अजिंक्य रहाणे (17) को LBW आउट करके श्रीलंका को बड़ी सफलता दिलाई।
रविचंद्रन अश्विन 31 रन बनाकर फर्नांडो का शिकार बने। ये दिन के खेल में भारत द्वारा गंवाया आखिरी विकेट था। इससे पहले विराट कोहली के रूप में टीम इंडिया को पांचवां झटका लगा। विराट 42 रन बनाकर संदाकन का दूसरा शिकार बने।