भारत vs दक्षिण अफ्रीका
- फोटो : AMAR UJALA
टीम इंडिया शनिवार को टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। टी20 विश्व कप के इतिहास में यह तीसरा मौका होगा जब हम फाइनल खेलेंगे। इससे पहले 2007 के पहले टी20 विश्व कप में हम खिताब जीत चुके हैं। वहीं, 2014 के विश्व कप में में खिताबी मुकाबले में हमें श्रीलंका से हार का सामना करना पड़ा था। इस विश्व कप की बात करें तो भारत ने गयाना में गुरुवार देर रात खेले गए सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड को 68 रनों से हराया। अब उनका सामना शनिवार को दक्षिण अफ्रीका से बारबाडोस में होना है।
बारबाडोस में भारत का दूसरा मैच होगा इससे पहले टीम यहां अफगानिस्तान से भिड़ी थी और जीत दर्ज की थी। आइये जानते हैं कि टी20 विश्व कप 2024 के कितने मैच बारबाडोस में हुए हैं? इस मैदान में टॉस का रिकॉर्ड किसके पक्ष में रहा है? इस टूर्नामेंट में बारबाडोस में अधिकतम और न्यूनतम स्कोर क्या रहा है? यहां भारत का पलड़ा क्यों भारी है?
भारत vs दक्षिण अफ्रीका
- फोटो : AMAR UJALA
इस विश्व कप में बारबाडोस में अब तक खेले गए आठ मुकाबले
आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप का खिताबी मुकाबला ब्रिजटाउन, बारबाडोस में खेला जाएगा। मौजूदा विश्व कप में इस मैदान पर आठ मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें तीन मैच सुपर आठ के थे। यहां आठ में से एक मुकाबला बिना कोई परिणाम के रहा। अब तक खेले गए मुकाबलों में सर्वाधिक स्कोर ऑस्ट्रेलियाई टीम का 201 रन था। सात मैचों में चार बार ऐसा हुआ है कि टॉस जीतने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। बाकी तीन बार टॉस हारकर भी टीमों ने फतह हासिल की है जिसमें भारत भी शामिल है।
ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड
- फोटो : ICC
बारबाडोस में अब तक कैसे रहे हैं मुकाबले?
3 जून: बारबाडोस में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप का पहला मैच 3 जून को ओमान और नामीबिया के बीच खेला गया था। लीग मैच में ओमान ने 109 रनों का लक्ष्य दिया था जिसका पीछा करते हुए नामीबिया ने मैच टाई कराया। बाद में नामीबिया ने सुपर ओवर में मुकाबला जीत लिया था।
4 जून: बारबाडोस में दूसरा मैच स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के बीच हुआ था। लीग मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने 10 ओवर में 90 रन बनाए। हालांकि, बारिश के चलते मैच पूरा नहीं हो सका और इंग्लैंड-स्काटलैंड ने एक-एक अंक साझा किए।
6 जून: ब्रिजटाउन में तीसरा मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और ओमान के मध्य खेला गया। लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 125 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला 39 रन से जीत लिया।
7 जून: नामीबिया और स्कॉटलैंड के बीच खेले गए लीग मुकाबले में बाजी स्काटलैंड ने मारी। 18.3 ओवर में नामीबिया का स्कोर 155/9 रहा। यह मुकाबला स्कॉटलैंड ने 9 गेंद शेष रहते 5 विकेट से जीत लिया।
8 जून: लीग स्टेज का सबसे बड़ा मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच बारबाडोस में ही खेला गया था। इस मैच में कंगारू टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 201 रन बनाए। लक्ष्य को पार पाने उतरी इंग्लिश टीम 20 ओवर में छह विकेट प 165 रन ही बना सकी और ऑस्ट्रेलिया यह मैच 36 रन से जीत गया। इस प्रतियोगिता में सेंट लूसिया और बाराबोडस दो ही मैदान ऐसे हैं जहां 200 से ज्यादा का स्कोर कोई टीम बना सकी है। बारबोडस में सिर्फ यही मुकाबला था जिसमें 200 से ज्यादा रन बने। यह प्रतियोगता पहला मैच था जब किसी टीम ने 200 का आंकड़ा पार किया था। इसके बाद तीन अन्य मुकाबलों में भी 200 का आंकड़ा टीमों ने पार किया। ये सभी मुकाबले सेंट लूसिया के डेरेन सैमी स्टेडियम में खेले गए थे।
भारत बनाम अफगानिस्तान
- फोटो : BCCI
सुपर-8 के मुकाबलों में कैसे रहे नतीजे?
20 जून: बारबाडोस में पहला सुपर-8 का मुकाबला खेला गया। यह मैच भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम 47 रनों से जीती थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में अफगान टीम 134 रन ही बना सकी।
22 जून: आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप की दो मेजबान टीमें अमेरिका और वेस्ट इंडीज यहां भिड़ीं थी। सुपर-8 के मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए अमेरिका ने 128 रन बनाए। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 55 गेंदें शेष रहते 9 विकेट से जीत हासिल की।
23 जून: अमेरिका और इंग्लैंड के बीच हुए इस मैच में अमेरिकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 115 रन ही बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंलिश टीम ने 62 गेंदें शेष रहते 10 विकेट से मैच जीत लिया।
IND vs SA
- फोटो : amar Ujala
यहां भारत का पलड़ा क्यों भारी है?
मौजूदा विश्व कप में भारतीय टीम बारबाडोस में एक मुकाबला खेल चुकी है। उसे यहां जीत मिली थी। वहीं, दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए इस प्रतियोगिता में यह पहला मौका होगा जब वह बारबाडोस में खेलने उतरेगी। ऐसे में उनके सामने हालात के मुताबिक खुद को ढालने की चुनौती होगी। वहीं, भारत को अपने पुराने अनुभव का लाभ मिल सकता है। टी20 विश्व कप मुकाबलों की बात करें तो दोनों टीमें अब तक छह बार आमने-सामने हुई हैं। इनमें से चार बार भारत को जीत मिली है। वहीं, दो बार दक्षिण अफ्रीका जीतने में सफल रही है। इस लिहाज से भी भारत का पलड़ा भारी है।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका फाइनल
- फोटो : ICC
बारबाडोस में अब तक दोनों टीमों का प्रदर्शन कैसा रहा है?
ओवरऑल मुकाबलों की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका ने अब तक यहां कुल तीन मैच खेले हैं। इन तीन में दो में उसे जीत मिली है। वहीं, एक मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा था। अफ्रीकी टीम ने ये सभी मुकाबले 2010 के टी20 विश्व कप के दौरान खेले थे। उस दौरान उसे अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत मिली थी। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ अफ्रीकी टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
वहीं, भारत की बात करें तो भारतीय टीम ने भी यहां अब तक तीन मुकाबले खेले हैं। इनमें से दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। जबकि, एक में टीम इंडिया जीतने में सफल रही है। भारतीय टीम को दोनों हार 2010 के विश्व कप में मिली थई। तब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज से हुए अपने मुकाबले हार गई थी। ये दोनों मुकाबले सुपर-8 के थे। वहीं, 2024 के विश्व कप में भी सुपर-8 के ही मुकाबले में यहां भारत को अफगानिस्तान का सामना करना पड़ा। इस बार उसे जीत मिली। बारबाडोस का इतिहास दक्षिण अफ्रीका के साथ दिखाई देता है। जबकि, मौजूदा फॉर्म और अनुभव भारतीय टीम के साथ है।