फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

INDvSA: टीम इंडिया ने की जोरदार वापसी, मार्करम-अमला ने खेली उम्दा पारी

Sat, 13 Jan 2018 08:49 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
टीम इंडिया
विज्ञापन

टीम इंडिया ने अंतिम ओवरों में दमदार वापसी की और दक्षिण अफ्रीका के तीन विकेट झटकते हुए दूसरे टेस्ट के पहले दिन का अंत रोमांचक अंदाज में किया। सेंचुरियन में शनिवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने स्टंप्स तक 90 ओवर में 6 विकेट खोकर 269 रन बनाए। कप्तान फाफ डू प्लेसी 24* और केशव महाराज 10* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। प्रोटियाज टीम ने अंतिम सेशन में 86 रन बनाए जबकि चार विकेट गंवाए।

विज्ञापन


मेजबान टीम के लिए एडेन मार्करम (94) और हाशिम अमला (82) टॉप स्कोरर रहे। वहीं टीम इंडिया के सबसे सफल गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन रहे, जिन्होंने तीन विकेट झटके। 

दक्षिण अफ्रीका को ओपनर्स डीन एल्गर (31) और एडेन मार्करम ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने लंच तक टीम इंडिया के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसाया। इस बीच मार्करम ने हार्दिक पांड्या द्वारा किए पारी के 25वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपने टेस्ट करियर का दूसरा अर्धशतक जमाया। उन्होंने 81 गेंदों में 9 चौको की मदद से फिफ्टी पूरी की।
विज्ञापन


एल्गर और मार्करम 85 रन की साझेदारी कर चुके थे, तब बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अश्विन की गेंद पर खराब शॉट खेला और सिली पॉइंट पर मुरली विजय को आसान कैच थमा दिया। एल्गर ने 83 गेंदों में 4 चौको की मदद से 31 रन बनाए।

इसके बाद एडेन मार्करम (94) ने हाशिम अमला के साथ दूसरे विकेट के लिए 63 रन जोड़े और प्रोटियाज को 150 रन के पार लगाया। अश्विन ने चायकाल से पहले मार्करम को विकेटकीपर पार्थिव पटेल के हाथों झिलवाकर टीम इंडिया को दिन की दूसरी बड़ी सफलता दिलाई। 23 साल के बल्लेबाज ने 150 गेंदों में 15 चौको की मदद से 94 रन बनाए।

यहां से अमला ने एबी डीविलियर्स (20) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की। यह जोड़ी ज्यादा खतरनाक होती, उससे पहले इशांत शर्मा ने डीविलियर्स को बोल्ड कर दिया। इसके बाद अमला ने कप्तान फाफ डू प्लेसी के साथ चौथे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी की।

हाशिम अमला ने रविचंद्रन अश्विन द्वारा किए पारी के 64वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़कर अपने टेस्ट करियर का 36वां अर्धशतक जमाया। उन्होंने 99 गेंदों में 10 चौको की मदद से पचासा पूरा किया। अमला ने टीम इंडिया के खिलाफ पांचवीं फिफ्टी जमाई।

दक्षिण अफ्रीका का स्कोर जब 246 रन था, तब अमला और प्लेसी के बीच एक रन लेने के लिए तालमेल की गड़बड़ी हुई। इसका फायदा हार्दिक पांड्या ने उठाया, जो उस समय गेंदबाजी भी कर रहे थे। पांड्या ने अपने फॉलोथ्रू में गेंद उठाकर अमला को रनआउट कर दिया। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 153 गेंदों में 14 चौको की मदद से 82 रन बनाए।

अगले ही ओवर में अश्विन ने क्विंटन डी कॉक को खाता खोलने का कोई मौका नहीं दिया और कोहली के हाथों कैच आउट कराकर टीम इंडिया की वापसी कराई। फिर हार्दिक पांड्या ने वेर्नोन फिलेंडर को भी रनआउट कर दिया। टीम इंडिया की तरफ से रविचंद्रन अश्विन ने तीन जबकि इशांत शर्मा ने एक विकेट लिया।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डू प्लेसी ने शनिवार को टीम इंडिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है।

सेंचुरियन में टीम इंडिया ने पहले टेस्ट के मुकाबले अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं। उसने ओपनर शिखर धवन की जगह केएल राहुल, भुवनेश्वर कुमार की जगह इशांत शर्मा और ऋद्धिमान साहा की जगह पार्थिव पटेल को शामिल किया।

वहीं दक्षिण अफ्रीका ने भी एक बदलाव करते हुए चोटिल तेज गेंदबाज डेल स्टेन की जगह लुंगी एनगिडी शामिल किया है, जो टेस्ट में अपना डेब्यू करेंगे। पता हो कि स्टेन पहले टेस्ट में चोटिल होकर मौजूदा टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:-

टीम इंडिया:

केएल राहुल, मुरली विजय, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, रविचंद्रन अश्विन, हार्दिक पांड्या, पार्थिव पटेल, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह।

दक्षिण अफ्रीका:

डीन एल्गर, एडेन मार्करम, हाशिम अमला, एबी डीविलियर्स, फाफ डू प्लेसी (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, वेर्नोन फिलेंडर, लुंगी एनगिडी, केशव महाराज, कागिसो रबाडा, मोर्ने मोर्केल।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें