टी-20 मैचों से दौरा शुरू करने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम का 29 सितंबर को होने वाला अभ्यास मैच पालम मैदान में आयोजित होगा क्योंकि दिल्ली एवं जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) ने मेजबानी में अपनी असमर्थतता जताई है।
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और डीडीसीए के उपाध्यक्ष चेतन चौहान ने कहा कि डीडीसीए ने बीसीसीआई को पत्र लिखकर अपनी असमर्थतता जता दी है क्योंकि संबंधित सरकारी विभागों से उन्हें जरूरी अनुमति नहीं मिल रही है।
उन्होंने कहा कि हम इस बात को लेकर भी सुनिश्चित नहीं हैं कि पिच कैसा बर्ताव करेगी। इसके अलावा हमें नगर निगम से भी समय पर अनुमति नहीं मिल पाएगी।
नहीं तैयार थी कोटला पिचडीडीसीए उपाध्यक्ष चेतन चौहान ने हालांकि आश्वस्त किया है कि कोटला मैदान भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाली महात्मा गांधी-नेल्सन मंडेला सीरीज के तीन दिसंबर से होने वाले चौथे और अंतिम टेस्ट के लिए मेजबानी को पूरी तरह तैयार होगा।
दक्षिण अफ्रीका की टीम दो अक्तूबर को धर्मशाला में टी-20 मैच से दौरे की शुरुआत करेगी। मेहमान टीम तीन टी-20 मैचों के अलावा चार टेस्ट मैच और पांच वनडे मैच खेलेगी।
चौहान ने कहा कि अभ्यास मैच की मेजबानी न करने के पीछे तीन कारण है। पहला हमें संबंधित सरकारी विभागों से जरूरी अनुमति नहीं मिल रही है। दूसरा यह है कि डीडीसीए में कुछ आंतरिक मतभेद हैं जिस पर सर्वसम्मति नहीं बन पा रही है। तीसरा यह कि मैदान का इंचार्ज होने के नाते मैं इस बात को लेकर सुनिश्चित नहीं हूं कि पिच कैसा बर्ताव करेगी क्योंकि नई बिछाई गई पिच पर अभी कोई प्रतियोगी मुकाबला नहीं हुआ है।