फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत की जीत पर देश में जश्न: पीएम मोदी बोले- युवा टीम पर गर्व, सहवाग-पठान ने भी दी शाबाशी; देखें प्रतिक्रियाएं

Sat, 14 Nov 2026 08:12 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अल अमेरात

सार

भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को फाइनल में आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया। इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग समेत कई हस्तियों ने युवा खिलाड़ियों को बधाई दी। 

विज्ञापन
भारतीय अंडर-19 टीम - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से हराकर अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। ओमान के अल अमेरात में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने आखिरी गेंद तक हार नहीं मानी और 338 रनों के विशाल लक्ष्य को हासिल कर इतिहास रच दिया। भारत की इस शानदार जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग समेत कई हस्तियों ने युवा चैंपियंस को बधाई दी है।
विज्ञापन
Trending Videos

भारत ने जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब - फोटो : BCCI
पीएम ने जताई खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय टीम की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने लिखा, 'भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार दिन! आज के प्रभावशाली प्रदर्शन और पुरुष अंडर-19 एशिया कप 2026 जीतने पर हमारी युवा क्रिकेट टीम पर बेहद गर्व है। उनकी सफलता कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। टीम को आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।'

भारत ने जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब - फोटो : BCCI
अमित शाह बोले- शानदार जीत, देश को गौरवान्वित किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भारतीय अंडर-19 टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'शानदार जीत! पुरुष अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीतकर भारतीय क्रिकेट टीम ने देश को खुशी और गर्व से भर दिया है। यह एक ऐतिहासिक जीत है।' अमित शाह ने मैदान पर खिलाड़ियों के जज्बे, दृढ़ संकल्प और बेमिसाल खेल भावना की भी तारीफ की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को शानदार बताते हुए टीम की उपलब्धि की सराहना की।

भारत ने जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब - फोटो : BCCI
वीरेंद्र सहवाग ने कहा- क्या मुकाबला, क्या रोमांचक अंत!
पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी इस जीत से बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'क्या मुकाबला! क्या रोमांचक अंत! 338 रनों का पीछा करते हुए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराने के लिए जबरदस्त जज्बे की जरूरत होती है।' सहवाग ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के 80 रन और आर्यवीर सहवाग के 58 रनों की पारी की तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने मनल चौहान और मोहित उल्वा के प्रदर्शन को भी सराहा। सहवाग ने लिखा कि जब टीम को चमत्कार की जरूरत थी, तब मनाल और मोहित उल्वा ने अपना जलवा दिखाया। उन्होंने युवा चैंपियंस पर गर्व जताया।

मोहित-मनल - फोटो : BCCI(instagram)
आखिरी गेंद पर चौका जड़कर मोहित उल्वा ने दिलाई जीत
  • मुकाबले की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए उस्मान खान के शानदार शतक की बदौलत 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन बनाए। उस्मान ने 107 रनों की पारी खेली, जबकि अब्दुल कादिर ने 80 और कप्तान फरहान यूसुफ ने 60 रन बनाए। भारत की ओर से काव्या पटेल ने चार और सी वेंकट ने तीन विकेट झटके।
  • 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। लक्ष्य ने 80 और आर्यवीर ने 58 रन बनाए। हालांकि, इसके बाद भारतीय टीम ने लगातार विकेट गंवाए और 42वें ओवर में उसका स्कोर आठ विकेट पर 252 रन हो गया। यहां से मुकाबला पाकिस्तान के पक्ष में जाता दिखाई दे रहा था। लेकिन मनल चौहान और मोहित उल्वा ने हार नहीं मानी। दोनों ने नौवें विकेट के लिए 57 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत की उम्मीदें जिंदा रखीं।
  • मनल चौहान ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जबकि मोहित उल्वा 26 गेंदों में 49 रन बनाकर नाबाद लौटे। मनल के आउट होने के बाद सी वेंकट ने भी 11 रनों की उपयोगी पारी खेली। आखिरी ओवर में भारत को आठ रन चाहिए थे। अंतिम गेंद पर जीत के लिए तीन रन की जरूरत थी। ऐसे में मोहित उल्वा ने अहमद हुसैन की गेंद पर लॉन्ग ऑफ की दिशा में शानदार चौका जड़कर भारत को एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी।

विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें